पुमनि कार्यालय, इंदौर जोन (ग्रामीण)
माननीय राष्ट्रपति महोदया के प्रस्तावित दौरे को लेकर आईजी इंदौर जोन ने की पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक
माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी के 19 जून 2025 को प्रस्तावित बड़वानी आगमन को दृष्टिगत रखते हुए, पुलिस महानिरीक्षक (IG) इंदौर जोन (ग्रामीण) श्री अनुराग द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी पुलिस सभागृह में ड्यूटी में लगे वरिष्ठ अधिकारियों व सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली गई। बैठक में डीआईजी निमाड़ रेंज श्री सिद्धार्थ बहुगुणा एवं पुलिस अधीक्षक श्री जगदीश डावर की उपस्थिति में राष्ट्रपति महोदय के दौरे के मद्देनज़र जिलेभर में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन एवं खुफिया सूचनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के प्रमुख बिंदु एवं निर्देश:
✅ कार्यक्रम स्थल, मार्ग, विश्राम स्थलों व हेलिपैड पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए।
✅ प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें तथा विशेष शाखा की रिपोर्टों का दैनिक विश्लेषण करें।
✅ डॉग स्क्वाड, बम स्क्वाड एवं एंटी सैबोटाज टीम की मदद से सभी स्थलों का नियमित निरीक्षण कराया जाए।
✅ यातायात नियंत्रण योजना पूर्व से लागू कर, डायवर्जन प्वाइंट्स पर प्रशिक्षित बल की नियुक्ति की जाए।
✅ सभी अधिकारी अपने अधीनस्थ स्टाफ को अलर्ट मोड में रखें तथा ड्यूटी चार्ट पूर्व से तैयार करें।
✅ CCTV निगरानी, ड्रोन सर्वेक्षण एवं लॉज-होटलों की जांच विशेष शाखा द्वारा सुनिश्चित की जाए।
✅ आमसभा स्थल के आसपास निवासरत ग्रामीणों एवं आवागमन करने वाले व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार उनकी जांच की जाए ।
आईजी श्री अनुराग ने बैठक में कहा:
“माननीय राष्ट्रपति महोदया का आगमन अत्यंत गरिमामय अवसर है। सभी अधिकारी एवं थाना प्रभारी सुरक्षा, सतर्कता एवं समन्वय को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। छोटी से छोटी लापरवाही भी अस्वीकार्य होगी।”
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि
“पुलिस बल न केवल सुरक्षा, बल्कि शिष्टाचार एवं नागरिक सुविधा की दृष्टि से भी पूर्ण सजगता के साथ कार्य करे। सभी तैयारियाँ 48 घंटे पूर्व पूर्ण कर ली जाएं। रिपोर्टिंग और फील्ड सुपरविजन को प्राथमिकता दी जाए।”
इस बैठक में विशेष शाखा प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
