महाकुंभ की मोनालिसा… अब ”जात” के पीछे पड़ गया मीडिया!

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

भले ही कबीर साहब ने पीढ़ियों पहले कह दिया हो – ”जात न पूछो साधु की, पूछ लीजिए ज्ञान…” लेकिन ”समाज के ठेकेदारों” से लेकर अन्य लोग इस सदी में भी ”जात-पात” का ढिंढोरा पीटने से बाज नहीं आते… इस पंक्ति में ”देश का मीडिया” भी पीछे नहीं रहता… अभी प्रयागराज महाकुंभ में वायरल हुई माला बेचने वाली एक मोनालिसा नामक युवती को लेकर कुछ मीडिया समूह पल-पल की अपडेट देने में जुटे हैं… पहले उसे इंदौर की रहने वाली बताया गया, बाद में पता चला कि वह बड़वाह/महेश्वर के आसपास की है… उसे यूट्यूबरों से लेकर मीडिया वालों ने इतना तंग किया कि उसे अपनी रोजी-रोटी छोड़कर पिता के कहने पर महाकुंभ से भागना पड़ा… यह सच है कि मीडिया जिसे चाहे रातों हात हीरो बना सकती है और उसे उसी तेजी से अर्श से फर्श पर भी ला सकती है… लेकिन मोनालिसा के मामले में कुछ मीडिया जगत अती पर उतर आया है… इस मामले में अब वह ”मोनालिसा की जात” पर माथा खपा रहा है… कोई उसे ”पारदी समुदाय” का बता रहा है, तो कोई मोनालिसा को ”अन्य जात” का… कुछ तो इस पर भी ”पोस्टमार्टम” कर रहे हैं कि मोनालिसा ”पारदी है या पारधी…”, वहीं मोनालिसा भी इस कामयाबी से फूली नहीं समा रही… उसने भी अपना यूट्यूब चैनल शुरू कर दिया और बॉलीवुड की अभिनेत्री ऐश्वर्या से टक्कर लेने तक की बात कह दी… इधर, छोटे-से कमरे में निवासरत मोनालिसा के परिवारजनों का भी बयान सामने आया कि मोनालिसा की इस प्रसिद्धी ने हमें परेशान भी कर दिया और अब उनका माला बेचना तक दुभर हो चुका है… हालांकि अब देखना होगा कि मोनालिसा के मामले में मीडिया और क्या-क्या नई बातें ”खोदकर” लाता है..?

Exit mobile version