इंदौर के एमजी रोड इलाके के चिमनबाग मैदान में एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला, जिसकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय (37) पुत्र कालीचरण वर्मा, निवासी नंदानगर के रूप में हुई है।
शनिवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि चिमनबाग मैदान में इमली के पेड़ के पास एक व्यक्ति घायल पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने विजय को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, विजय के सिर में गंभीर चोट थी और प्रारंभिक जांच में पेड़ से गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसा कैसे हुआ, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है। विजय गाड़ी वॉशिंग का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
