
बेटे का जबड़ा क्षतिग्रस्त है, 13 साल का होने के बाद ऑपरेशन किया जाएगा
6 साल के बेटे के ऑपरेशन के लिए 12-12 घंटे ड्राइवरी कर पाई-पाई जुटा रहे एक ड्राइवर के घर से उसके साडू़ भाई ने 2 लाख रुपए चुरा लिए। ड्राइवर और उसकी पत्नी रोते-बिलखते थाने पहुंचे। मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया और तीन दिन में रुपए बरामद कर लिए, साथ ही चोरी करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
मामला खजराना इलाके की राधे विहार कॉलोनी का है। यहां रहने वाले ड्राइवर इकबाल खान (35) के यहां 19 जनवरी को चोर घर में रखे दो लाख रुपए चुरा ले गया था। उस वक्त इकबाल, पत्नी रेशमा, बेटी जैनब और 6 साल का बालक जोएब देवास गए थे। लौटकर चेक किया तो रुपए गायब देख परिवार बदहवास हो गया। थाने पर शिकायत की तो टीआई मनोज सेंधव ने हेड कांस्टेबल पंकज सावरिया को पड़ताल में लगाया।
18-18 घंटे नौकरी कर रुपए जोड़ रहा है
इकबाल ने पुलिस को बताया कि यह रुपए बेटे जोएब के उपचार के लिए जुटा रहा था। बेटे के पैदा होने के एक माह बाद हादसे में उसके जबड़े की हड्डी टूट गई थी। जबड़ा टूटने से चेहरा अंदर हो गया है। उसके ऑपरेशन के लिए 6 साल में 18-18 घंटे ड्राइवरी कर पाई-पाई जोड़ रहा था। ऑपरेशन में डॉक्टर्स ने 13 लाख रुपए का खर्च बताया है। ऑपरेशन बेटे के 14 साल का होने पर होगा।
ऑनलाइन फ्रॉड के डर से बैंक में नहीं रखे- मामूली ड्राइवर के पास दो लाख की राशि होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि बैंक में खाता है, लेकिन ऑनलाइन फ्रॉड के डर से रुपया वहां नहीं रखा।
ऐसे हुई थी चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार
टीम ने जांच में पाया कि 19 जनवरी को इकबाल देवास गया था तब उसका साढ़ू भाई अस्सू साथी शाहिद और आमीन के साथ घर में घुसा और रुपए चुरा ले गया। अस्सू को पता था कि इकबाल के पास दो लाख रुपए जमा हो गए हैं। इकबाल ने अस्सू के सामने पत्नी को फोन कर ये रुपए दीवान में रखने को बोला था। पुलिस ने अस्सू से सख्ती से पूछताछ की तो उसने रुपए चुराना कबूल लिए। रुपए बरामद कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
