इंदौर में दो लोगों ने फांसी लगाकर किया सुसाइड:पेंटर ने पारिवारिक विवाद में दी जान, छह माह से अलग रह रही थी पत्नी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


इंदौर में पारिवारिक विवाद और बेरोजगारी के कारण दो लोगों ने फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। दोनों ही मामलों में पुलिस को सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण जांच में ले लिए हैं। पहला मामला तुकोगंज थाना क्षेत्र का है। 40 वर्षीय नरेश पुत्र लालचंद शाक्यवार ने मंगलवार रात अपने घर के कमरे में फांसी लगा ली। वह पेंटर था। मां ने उसे फंदे पर लटका देखा और आसपास के लोगों-रिश्तेदारों को सूचना दी। परिजन उसे लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचे थे। आत्म हत्या की वजह पारिवारिक कलह बताई जा रही है।
नरेश की पत्नी करीब छह माह पहले मायके परदेशीपुरा चली गई थी और वापस नहीं आ रही थी। काम को लेकर नरेश से उनकी कहासुनी होती थी। परिवार ने बताया कि नरेश की शादी को करीब 12 साल हो गए हैं। उसका 10 साल का बेटा है, जो पत्नी के साथ ही रहता है।
सोने का कहकर गया और फांसी लगा ली
उधर , परदेशीपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत फिरोजगांधी नगर निवासी 26 वर्षीय साहिल पुत्र शंकरलाल सोनी ने मंगलवार रात करीब 1 बजे अपने घर में फांसी लगा ली। वह सोने का कहकर कमरे में गया था। देर रात मां ने उसका शव फंदे पर लटके देखा। साहिल के पिता नहीं हैं। मां और भाई प्राइवेट नौकरी करते हैं। साहिल बेरोजगार था। पुलिस के मुताबिक जॉब नहीं होने के चलते साहिल ने इस तरह का कदम उठाया है। मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है।

Exit mobile version