भंवरकुआं थाना क्षेत्र की एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में शनिवार को पिता और बेटे की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। छोटा बेटा गंभीर है। उसे एमवायएच में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान विजेंद्र (30) और उसके बेटे अंकुश (8) के रूप में हुई है। तीनों नालंदा, बिहार के रहने वाले हैं।
चार दिन से जयपुर में काम की तलाश में भटक रहे थे। इस दौरान उन्होंने कुछ नहीं खाया। जयपुर में ही रोहित नामक युवक से मुलाकात हुई। विजेंद्र ने रोहित से काम दिलाने की गुहार लगाई। रोहित ने उन्हें इंदौर चलने को कहा। बताया कि वहां काम मिल जाएगा। इसके बाद वे शुक्रवार को इंदौर पहुंचे। रास्ते में ट्रेन में भोजन किया।
इंदौर में रोहित की भाभी ने खाना बनाया। सभी ने खाया। शनिवार सुबह रोहित काम पर चला गया। कुछ देर बाद सूचना मिली कि तीनों ने कोई दवाई खाई थी। इसके बाद तबीयत बिगड़ी। अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया, मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा।
