मायके जाने की जिद में नवविवाहिता ने दी जान:पति ने कहा- सुबह छोड़ दूंगा, रात को फंदे पर लटकी मिली पत्नी; नहीं मिला सुसाइड नोट

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


इंदौर के रावजी बाजार इलाके में रविवार देर रात एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। महिला का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। पति ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है।
रात में पिता के घर जाने की कर रही थी जिद
पुलिस के अनुसार, मृतका दीपाली (23) पत्नी अरुण धानक निवासी जबरन कॉलोनी, अपने पति के साथ किराए से रह रही थी। देर रात दीपाली ने पति से कहा कि वह परदेशीपुरा स्थित अपने मायके जाना चाहती है। इस पर पति अरुण ने कहा कि वह सुबह छोड़ देगा। इसके बाद दीपाली कपड़े जमाने लगी। कुछ देर बाद अरुण सो गया और करीब डेढ़ बजे नींद खुलने पर पत्नी को फंदे पर लटका देखा।
अरुण ने तुरंत अन्य किराएदारों को बुलाया और दीपाली को एप्पल अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
4 साल पहले हुई थी शादी, संतान नहीं
रिश्तेदार बबीता ने बताया कि दीपाली और अरुण की शादी को चार साल हो चुके हैं। अभी उनकी कोई संतान नहीं थी। अरुण मूल रूप से सागर जिले का रहने वाला है और इंदौर में रहकर ऑटो चलाता है। उसके पांच भाई भी इंदौर में रहते हैं, लेकिन सभी अलग-अलग परिवारों में रहते हैं। वहीं, दीपाली की तीन बहनें हैं।
पुलिस का कहना है कि दंपती के बीच किसी बात को लेकर तनाव की स्थिति रही होगी। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पति व मायके पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

Exit mobile version