किन्नौर जिला में बॉर्डर एरिया के आसपास स्थित पर्यटक स्थल दोपहर दो बजे तक ही खुले रहेंगे और सभी आगंतुकों को आधार कार्ड (पहचान पत्र) साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त सभी को अनुशासन का पालन करना होगा व सैन्य सुरक्षा के दृष्टिगत स्थापित किसी भी उपकरण की फोटोग्राफी पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। उपायुक्त किन्नौर डा. अमित कुमार शर्मा ने भारतीय सीमा पर स्थित पर्यटक स्थलों के भ्रमण के मद्देनजर सभी भारतीय पर्यटकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त किन्नौर ने बताया कि अंतराष्ट्रीय सीमा पर स्थित पर्यटक स्थलों तक जाने के लिए जो स्थल चिन्हित किए गए हैं, उन जगहों पर जाने के लिए प्रत्येक भारतीय नागरिक को कुछ एक मानक प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करना होगा, ताकि सुगमता से पर्यटक सीमा क्षेत्रों का अवलोकन कर सके। उन्होंने सभी से इन नियमों का पालन करने का आग्रह किया है, ताकि बॉर्डर टूरिज्म को बढ़ावा मिल सके और पर्यटक किन्नौर जिला के मनमोहक सीमावर्ती क्षेत्रों का आनंद ले सकें।
इस संबंध में उपायुक्त ने मंगलवार को एक बैठक भी ली और बॉर्डर टूरिज्म को लेकर कई अहम विषयों पर चर्चा की।
डा. अमित कुमार शर्मा ने किन्नौर जिला के सीमावर्ती पर्यटक स्थल शिपकिला व रानी कंडा के खाना दूमती तक पर्यटकों की सुचारू आवाजाही के लिए सडक़ों को दुरुस्त रखने, संवेदनशील स्थानों का विशेष ध्यान रखने, साइन बोर्ड लगाने, संचार व्यवस्था सुचारू रखने व विद्युत आपूर्ति चालू रखने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न हितधारकों, जिनमें स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, आर्मी व आईटीबीपी शामिल है।
