
भाजपा पार्षद कमलेश कालरा के बेटे को कपड़े उतारकर पीटने और घर में महिलाओं से बदसलूकी करने के मामले को मानव अधिकार आयोग ने भी संज्ञान में ले लिया है। आयोग के अध्यक्ष मनोहर ममतानी ने पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर मामले को संज्ञान लेने के साथ कार्रवाई के संबंध में जवाब मांगा है। पुलिस विभाग को भेजे गए आयोग के पत्र में उन्होंने वार्ड-65 के पार्षद के बेटे के साथ 30 से 40 बदमाशों द्वारा घर में घुसकर कपड़े उतारकर मारपीट करने की घटना को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में देने का जिक्र किया है।
पीएम को लिखा पत्र : पार्षद कालरा ने पीएम नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर पार्टी पर पक्षपात करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा, अब तक केवल नोटिस जारी किए गए। पार्षद और एमआईसी सदस्य जीतू यादव लिस्टेड गुंडा है। पार्टी को उसे निष्कासित कर देना चाहिए था।
पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन- भाजपा पार्षद कमलेश कालरा से चल रहे विवाद में एमआईसी सदस्य जीतू यादव गुरुवार को अपने 300 से ज्यादा समर्थकों के साथ पलासिया स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। दलित समाज के लोगों की मौजूदगी में उन्होंने डीसीपी मुख्यालय अंकित सोनी को ज्ञापन दिया। शिकायत पर कार्रवाई न होने के कारण वे समर्थकों के साथ पुलिस कमिश्नर ऑफिस आए। उन्होंने कालरा व साथियों पर केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
