एक ही फ्लैट में दूसरी बार वारदात:कपड़ा व्यापारी के घर घुसे 3 चोर, 13 मिनट में 40 लाख रुपए का सोना चुराया, 1 किलो चांदी छोड़ गए

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

चोरी से पहले वहां के सभी सात फ्लैट की कुंडी बाहर से लगाई
श्रीनगर एक्स. में चाणक्यश्री अपार्टमेंट में हुई वारदात
एमआईजी क्षेत्र के श्रीनगर एक्सटेंशन स्थित चाणक्यश्री अपार्टमेंट में रहने वाले कपड़ा व्यापारी के घर से चोरों ने 13 मिनट में 40 लाख रुपए का माल चुरा लिया। तड़के 5 बजकर 03 मिनट पर ये अपार्टमेंट में घुसे और 5 बजकर 16 मिनट पर निकल भी गए। चोरों ने व्यापारी के यहां से सिर्फ सोने के जेवर ही चुराए हैं, जिनका कुल वजन (495 ग्राम) करीब आधा किलो है। चोरों ने इस व्यापारी के घर दूसरी बार वारदात की है। चार साल पहले भी चोर यहां से 22 लाख रु. की ज्वेलरी ले गए थे। फुटेज में तीन चोर दिख रहे हैं। चोर जाते समय सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर साथ ले गए।
एमआईजी थाने में संदीप सोलंकी श्रीनगर एक्सटेंश ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि 1 फरवरी को दोपहर करीब 2.30 बजे मैं परिवार सहित क्लब के कार्यक्रम के लिए मांडू गया था। 2 फरवरी की सुबह 7.30 बजे बिल्डिंग के चौकीदार सुखलाल का फोन आया कि पूरी बिल्डिंग के 7 फ्लैट में बाहर से किसी ने कुंडी लगा दी है। आपके फ्लैट का ताला टूटा है और गेट खुला है। मांडू से लौटने के बाद देखा तो बेडरूम की अलमारी के ड्रॉज तोड़कर कोई 40 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवर चुरा ले गया था।
बदमाशों को शायद पहले से जेवर रखे होने का पता था
व्यापारी संदीप ने बताया कि चोरों ने जिस तरह बेडरूम की अलमारी को टारगेट किया, उससे लगता है कि उन्हें अलमारी में सोने के जेवर होने की सूचना थी या वे रैकी कर चुके थे। क्योंकि, अलमारी में 1 किलो चांदी के जेवर भी थे, चोरों ने उन्हें यूं ही छोड़ दिया। केवल सोने के जेवर जिसमें 1 चेन, 1 मंगलसूत्र, 2 कड़े, 4 चूड़ियां, 1 जोड़ी टॉप्स, 1 बड़ा रानी हार, 2 जोड़ी झुमके, 2 नाक की नथ। 4 बिस्किट (18 ग्राम के) व नकद 54 हजार रुपए ले गए।
8 अगस्त 2020 में हुई थी 22 लाख की चोरी : संदीप ने बताया कि 4 साल पहले भी 8 अगस्त 2020 में भी इसी तरह फ्लैट में घुसकर कोई 40 तोला सोना चुरा ले गया था। तब सोने का भाव 45 हजार रुपए तोला हुआ करता था। उस वक्त 22 लाख का माल चोरी हुआ था। तब पुलिस 206 ग्राम सोना ही जब्त कर पाई थी।

Exit mobile version