इंदौर की तेजाजी नगर पुलिस ने तीन आरोपियों पर कार्रवाई की है। आरोपियों ने एक युवती के नाम से फर्जी आईडी बनाकर एक युवक को इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। उसके बाद उसे बायपास पर मिलने बुलाकर डरा-धमकाकर उससे अकाउंट में 50 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर तीनों की पहचान कर सोमवार रात को हिरासत में ले लिया है।
टीआई देवेंद्र मरकाम के अनुसार, राहुल निवासी लवकुश कॉलोनी, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी इंस्टाग्राम पर प्रिया ठाकुर नाम की युवती से दोस्ती हुई थी। चैटिंग के बाद प्रिया ने मिलने के लिए बायपास के सुनसान इलाके में बुलाया। वहां तीनों आरोपी—पंकज पुत्र सुंदरलाल खातकर (निवासी लसूडिया), यश पुत्र सोलंकी (निवासी निरंजनपुर) और विजेंद्र धरीधक्ष गुप्ता मौजूद थे।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने फर्जी प्रोफाइल बनाकर राहुल को जाल में फंसाया और उससे 50 हजार रुपए ट्रांसफर कराए। पुलिस फिलहाल आरोपियों से यह भी पूछताछ कर रही है कि उन्होंने इसी तरीके से कितने और लोगों के साथ ठगी की है।
पकड़े गए आरोपियों में विजेंद्र उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, जबकि पंकज बेतूल का निवासी है। पुलिस ने उनके पास से एक बाइक, मोबाइल और नकदी बरामद की है।
