निराकरण में लापरवाही बरतने पर अधिकारियों के विरूद्ध होगी कार्रवाई
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने ली अंतर्विभागीय समन्वय समिति और टीएल की बैठक
समयसीमा में प्रकरण निराकृत नहीं करने वाले 5 अधिकारी-कर्मचारियों पर लगायी गई पेनाल्टी
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा है कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण तथा उन्हें शासकीय योजनाओं-कार्यक्रमों और सेवाओं का समय पर लाभ उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि समस्याओं के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक न पहुँचाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्री वर्मा आज इंदौर में अंतर्विभागीय समन्वय समिति एवं समय-सीमा पत्रों के निराकरण (टीएल) की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की और निर्देश दिए कि आगामी सात दिवस में निराकरण की गति में ठोस प्रगति लाई जाए। बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर श्री रोशन राय, श्री रिंकेश वैश्य, श्रीमती निशा डामोर सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि समस्याओं का निराकरण पारदर्शी और प्रभावी ढंग से सकारात्मक हो, जिससे आवेदकों को बार-बार चक्कर लगाने की परेशानी नही उठाना पड़े। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य कर आमजन का विश्वास जीतने का आह्वान भी किया।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समयसीमा में प्रकरणों का निराकरण नहीं करने पर 5 अधिकारी-कर्मचारियों पर पेनाल्टी लगायी है। जिन अधिकारी-कर्मचारियों पर पेनाल्टी लगायी गई है उनमें तहसीलदार खुड़ैल तथा ग्राम पंचायत गारीपिपलिया, खण्डेल, सिमरोल और दतोदा के ग्राम पंचायत सचिव शामिल हैं। बैठक में बताया गया कि आगामी 17 सितम्बर को सेवा पखवाड़े के तहत सभी स्कूलों में पौधारोपण किया जायेगा।
