ब्राजील की सड़कों पर उतरे 7 लाख लोग, :सभी बोल्सोनारो समर्थक, पूर्व राष्ट्रपति पर लगे तख्तापलट की कोशिश के आरोप का विरोध किया

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read
फुटेज ब्राजील के सबसे बड़े शहर साओ पाउलो की है। यहां पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया।

ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के 7 लाख से ज्यादा समर्थक एक बार फिर सड़कों पर उतरे। उन्होंने बोल्सोनारो पर लगाए गए तख्तापलट की कोशिश के आरोपों का विरोध किया। साथ ही चुनावी बैन का भी विरोध किया।

दरअसल, भारतीय समय के मुताबिक रविवार देर रात बोल्सोनारो से जनवरी 2023 में हुई हिंसा को लेकर पूछताछ हुई। इस दौरान उन पर आरोप लगाए गए कि उन्होंने अक्टूबर 2022 में हुए चुनाव में हार के बाद तख्तापलट करने की कोशिश की थी। इन आरोपों को बोल्सोनारो ने खारिज कर दिया और इन्हें बेबुनियाद बताया।

उन्होंने कहा- तख्तापलट कैसे होता है। जब सड़कों पर सैन्य टैंक उतारे जाएं, लोगों के पास हथियार हों, लेकिन जनवरी 2023 में ऐसा कुछ नहीं हुआ। मैंने तख्तापलट की कोशिश नहीं की।

विरोध प्रदर्शन ब्राजील के सबसे बड़े शहर साओ पाउलो में हुआ। इस दौरान बोल्सोनारो समर्थकों का अभिवादन करते नजर आए।
अमेरिकी मीडिया ब्लूमबर्ग के मुताबिक, साओ पाउलो में करीब 7 लाख 50 हजार बोल्सोनारो समर्थक जमा हुए।

पहले उस मामले को विस्तार से समझिए जिसमें तख्तापलट के आरोप लगे…
ब्राजील में अक्टूबर 2022 में प्रेसिडेंट इलेक्शन हुए थे। इन चुनावों में बोल्सोनारो करीब 21 लाख 39 हजार वोटों से हार गए थे और लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा की जीत हुई थी। 1 जनवरी 2023 को लूला डा सिल्वा ने शपथ ली थी।

- Advertisement -

इसके एक हफ्ते बाद 8 जनवरी 2023 को बोल्सोनारो के हजारों समर्थक पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर संसद, सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रपति भवन में घुस गए थे और तोड़फोड़ की थी। इसके बाद पुलिस ने हंगामा करने वाले 400 लोगों को गिरफ्तार किया था।

इस घटना के बाद बोल्सोनारो पर हिंसा भड़काने के आरोप लगे थे। सुप्रीम कोर्ट ने इसकी जांच में पूर्व राष्ट्रपति का नाम भी शामिल करने का आदेश दिया था। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बोल्सोनारो ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने प्रेरित होकर ऐसा किया था।

दरअसल, 2 साल पहले 6 जनवरी 2021 को अमेरिका में भी ऐसी ही हिंसा हुई थी। चुनाव हार चुके राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के समर्थक कैपिटल हिल यानी अमेरिकी संसद में दाखिल हुए थे और तोड़फोड़ की थी।

तस्वीर 8 जनवरी 2023 की है। ब्राजील में हजारों की संख्या में बोल्सोनारो के समर्थकों ने सरकारी इमारतों पर धावा बोल दिया था।

अब चुनावी बैन वाला मामला समझिए…
जुलाई 2022 में बोल्सोनारो ने 8 फॉरेन ऐंबैस्डर्स के साथ एक मीटिंग की थी। इसमें उन्होंने ब्राजील की चुनाव प्रणाली पर सवाल उठाते हुए धांधली के आरोप लगाए थे।

तब कहा जा रहा था कि बोल्सोनारो ने विदेशी ऐंबैस्डर्स के साथ हुई मीटिंग का इस्तेमाल साजिश के तहत संदेह पैदा करने के लिए किया। उन्होंने लोगों के मन में ये शक पैदा करने की कोशिश की कि 2022 के चुनावी नतीजों में धांधली होगी।

इसके बाद उन पर अपने पद और मीडिया का दुरुपयोग करने का आरोप लगा। आरोप पत्र में कहा गया कि बोल्सोनारो ने चुनाव में हार के बाद पावर का गलत इस्तेमाल करते हुए देश की इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग सिस्टम पर शक पैदा किया। इस मामले में 30 जून 2023 को बोल्सोनारो के चुनाव लड़ने पर 7 साल यानी 2030 तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया।

Exit mobile version