चीन में भारी बारिश और बाढ़ की चेतावनी:नदियां खतरे के निशान से ऊपर, 1 हजार से ज्यादा स्कूल बंद; 11 लापता और 6 घायल

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read
चीन में बाढ़ के कारण 1 हजार से ज्यादा स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

चीन में आज (22 अप्रैल) भारी बारिश और बाढ़ आने की संभावना है। इसका असर दिखने भी लगा है। चीन के कई शहरों में पानी भरने लगा है। भारी बारिश के कारण कई नदियां खतरे के स्तर से ऊपर बह रही हैं।

सिंगापुर की नेशनल न्यूज एजेंसी की CNA के मुताबिक बाढ़ के कारण अब तक 11 से ज्यादा लोग लापता हैं। वहीं भूस्खलन की घटनाओं में अब तक 6 लोग घायल हो चुके हैं। हालांकि, किसी के हताहत होने की अभी कोई खबर नहीं है।

लोकल प्रशासन लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू मिशन चला रहा है। अब तक 20 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा चुका है। इमरजेंसी सेवाएं अलर्ट मोड पर हैं।

बाढ़ के कारण चीन के गुआंग्डोंग प्रांत में नदी -नाले उफान पर हैं।

चीन के राष्ट्रीय मौसम विभाग के मुताबिक 21 अप्रैल की शाम को साउथ चीन के तटीय क्षेत्रों से एक तूफान टकराया है, जिसके कारण चीन में सदी की सबसे बड़ी बाढ़ आ सकती हैं। माना जा रहा है कि इस तूफान से लगभग 12 करोड़ लोग प्रभावित होंगे। मौसम विभाग ने पहले ही इस तूफान को लेकर चेतावनी जारी कर दी थी।

- Advertisement -
भूस्खलन की घटनाओं के कारण अब तक 6 लोग घायल हो चुके हैं।
रेस्क्यू टीमें लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने का काम कर रही हैं।
गुआंग्डोंग प्रांत में संबंधित विभाग भीषण बाढ़ से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं
गुआंग्डोंग में लोगों को रेस्क्यू करते हुए फ्लड रिलीफ टीम।
शनिवार से शोगुआन शहर में लोग फंसे, इमरजेंसी अलर्ट जारी।

समुद्री इलाकों में जाने से रोक
गुआंग्शी शहर और हेझोउ शहर में 65 भूस्खलन की घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले 4 दिनों से लगातार बारिश के कारण गुआंग्डोंग शहर में मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे पर्ल रिवर डेल्टा पानी से भर गया है। कई रिहायशी इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है और एक मंजिला तक घर डूब गए हैं।

सरकार ने हालत ठीक होने तक समुद्री इलाकों में जाने पर रोक लगा दी है। साउथ चीन की सबसे मुख्य बेई नदी उफान पर है, यहां सोमवार तक रिहायशी इलाकों में 19 फीट ऊपर तक पानी भर गया है।

किंगयुआन शहर में एक मंजिला तक पानी भरा।

चीन में हर 50 साल में एक बार ऐसी बाढ़ आती है। गुआंग्डोंग में प्रशासन इमरजेंसी मोड की तैयारी में है। इसके अलावा जियांग्शी और फुजियान में मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना जताई है।

अगले आदेश तक स्कूल बंद

तूफान का असर झाओकिंग, शोगुआन, किंगयुआन और जियांगमेन शहरों पर भी दिखने लगा है। यहां 12 घंटों से भारी बारिश हो रही है। झाओकिंग के पूरे शहर में बिजली गायब है। तीन प्रांतों में अगले आदेश तक 1 हजार से ज्यादा स्कूलों को बंद कर दिए गया है। शहर में मोबाइल सिग्नल भी गायब हो गए है। गुआंग्डोंग में किंगयुआन और शोगुआन में सेना को मदद के लिए भेजा गया है।

गुआंग्डोंग में 27 हाइड्रोलॉजिकल स्टेशन अलर्ट पर है। यहां बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो रही है। इससे पहले जून 2022 में चीन में इतनी भीषण बाढ़ आई थी।

Exit mobile version