56 दुकान के पास बंगले में घुसे नकाबपोश बदमाश, साड़ी व्यापारी पर टॉमी से हमला कर जेवर-नकदी लूटे

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

56 दुकान के पास रात 3 बजे हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाश साड़ी व्यापारी पर जानलेवा हमला कर जेवर और नकदी लूट ले गए। बदमाश बंगले की पहली मंजिल पर चोरी कर रहे थे, तभी डेंटिस्ट पत्नी को किसी की आहट हुई। उन्होंने पति को जगाया। पति जब ऊपर देखने गए तो बदमाशों ने टॉमी से हमला कर दिया। सिर में वार किया और पेट में भी टॉमी घुसा दी। व्यापारी गंभीर है

तुकोगंज पुलिस के अनुसार घटना बंसी ट्रेड सेंटर के सामने स्थित लाल बंगले की है। यहां रहने वाले व्यापारी पलाश (29) पिता राजेंद्र जैन को पत्नी परिधि और मां हीरामणि ने अस्पताल में भर्ती करवाया है। पलाश ने बयान में कहा कि वे और पत्नी हॉल में सो रहे थे। कमरे में मां और पहली मंजिल पर बहन सो रही थी। शुक्रवार रात 3.30 बजे पहली मंजिल पर किसी की आहट हुई। पत्नी को लगा कि बहन किचन में होगी, लेकिन जब आवाज बढ़ी तो पत्नी ने मुझे उठाया। मैं ऊपर गया तो देखा कि वहां 2 लड़के सामान चुरा रहे हैं। एक ने नारंगी रंग का तो दूसरे ने सफेद रंग का गमछा मुंह पर बांधा था। मैंने उन्हें रोकने की कोशिश की तो नारंगी गमछे वाले लड़के ने उसके हाथ में रखी लोहे की टॉमी से मेरे सिर, हाथ व पेट पर मारा। चक्कर आने के साथ ही खून निकलने लगा। यह देख पत्नी चीखी तो मां और बहन भी जाग गए। वे ऊपर आए और फिर मुझे नीचे लेकर आए। तब तक बदमाश भाग गए थे।

Exit mobile version