नायता मुंडला में टायर बदलने के दौरान ट्रक चोरी होने की कहानी गढ़ी, फिर खुद थाने पहुंच गया था आरोपी
कर्नाटक से रायसेन भेजी जा रही 35 टन शकर के बायपास से चोरी होने के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। इसमें ट्रक मालिक का भाई ही मास्टर माइंड बदमाश निकला है, यही ट्रक ड्राइवर भी है। पुलिस ने उसके सहित चार अन्य बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, एक फरार है।
आजाद नगर एसीपी आशीष पटेल ने शुक्रवार को बताया कि बदमाशों के नाम परवेज शाह निवासी निमरानी थाना बलकवाड़ा, सुल्तान खान निवासी चंदननगर, मोइनुद्दीन चंदननगर और सद्दाम उमरवन, धार हैं। जबकि उनका साथी सरवर शाह चंदन नगर फरार है।
तेजाजी नगर टीआई देवेंद्र मरकाम के अनुसार 3 अक्टूबर को ट्रक मालिक रिजवान खान निवासी निमरानी जिला खरगोन ने आवेदन दिया था कि उसका ट्रक कर्नाटक के बीजापुर से 35 टन शकर भरकर निकला था। ट्रक मेरा छोटा भाई परवेज चला रहा था। वह 2 अक्टूबर को नायता मुंडला में ट्रक का टायर खराब होने पर बदलवाने गया था तभी ट्रक चोरी हो गया। पुलिस ने परवेज पर सख्ती की तो वह टूट गया।
परवेज बोला कि उसने सुल्तान और के जरिये शकर बेची है। खाली ट्रक तेजाजी नगर में छिपा दिया। सुल्तान की मदद से 12 टन शकर मोइनुद्दीन को 3.48 लाख रुपए में बेची। पुलिस ने वहां के शकर जब्त कर ली, मोइनुद्दीन को भी गिरफ्तार किया।
गुजरी के गोदाम में छिपाई शकर-बाकी 23 टन शकर आयशर में भरकर सुल्तान धामनोद के गुजरी ले गया। यह शुगर उसने सद्दाम को बेची दी। सद्दाम ने माल गुजरी के गोदाम में रखवाया। वो शकर भी जब्त कर ली गई। सद्दाम ने कबूला कि उसने 23 टन शकर के बदले सुल्तान को 2.05 लाख रुपए दिए। बाकी 80,000 सरवर शाह को ट्रांसफर कर दिए।
