हौज में मिला लापता पेंटर का शव, अंगूठी और कान की बाली से हुई पहचान

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • स्वजन ने 31 दिसंबर को विजय नगर थाने में लिखाई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट। स्वजन बोले- हत्या कर फेंका शव, पुलिस ने बताया हादसा।

इंदौर। एबी रोड स्थित प्रेस काम्प्लेक्स में पानी की हौज में शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव में कीड़े तक लग चुके थे। उसकी पहचान मालवीय नगर निवासी पेंटर शाहरुख के रूप में हुई है। स्वजन ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस हादसा बता रही है।

एमआइजी थाना पुलिस के मुताबिक, चौकीदार रोशन ने सूचना दी थी कि हौज में शव पड़ा हुआ है। हौज करीब 15 फीट गहरी है। शव निकालने के लिए पुलिस ने पहले हौज में पानी भरवाया। शव पानी के ऊपर आया तब निकाला।सूचना मिलने पर मालवीय नगर से शरीफ और फरीद पहुंचे और कहा कि शव उसके भाई शाहरुख का है। स्वजन ने शाहरुख की अंगूठी और कान की बाली से पहचान की।

हत्या का आरोप
शाहरुख की 31 दिसंबर को मां संगीता पटेल ने विजय नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। वह कुछ देर में लौटने का बोलकर घर से गया था। आरोप है कि कुछ दिनों पूर्व छोटी खजरानी निवासी राम और राज से विवाद हुआ था। दोनों ने उसके साथ मारपीट भी की थी। पुलिस के मुताबिक, शव डिकंपोज हो चुका है। ऊपरी तौर पर तो चोट के निशान नहीं दिखे। शाहरुख की जेब में रुपये और अंगूठी भी है। इससे हत्या की संभावना कम है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version