नए आर्थिक वर्ष से कई शराब दुकानें या तो शिफ्ट हुई या नई खुली और हर जगह इन शराब दुकानों का विरोध शुरू हुआ। स्कीम नं. 140 एवं बाणगंगा क्षेत्र के एकता नगर में भी पहले विरोध हो चुका है और अब कैट रोड हवा बंगला के समीप नई शराब दुकान खुलने जा रही है, जिसके विरोध में रहवासी रोड पर उतर गए। बड़ी तादाद में महिलाएं भी विरोध करने पहुंची और लोगों ने कैट रोड के बीचोबीच वाहन लगाकर रोड को जाम कर दिया। इस प्रदर्शन में महिलाएं आगे रही, जिससे पुलिस और प्रशासन भी असहाय नजर आया। शराब दुकान के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। यह विरोध और चक्काजाम की स्थिति आज सुबह की है। लोगों का कहना रहा कि शराब दुकान के कारण क्षेत्र में गुंडागर्दी का माहौल बनेगा और लोग शराब पीकर यही लेटेंगे और यहां से निकलने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसेंगे, इसलिए इसका विरोध करना जरूरी है।
