गिरफ्तार आरोपितों में विशेष सशस्त्र बल के हवलदार का बेटा भी शामिल। साइबर सेल करती है सोशल मीडिया की मानिटरिंग।
इंदौर। इंटरनेट मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना भारी पड़ गया। क्राइम ब्रांच पांच आरोपितों को पकड़ लाई। इनसे कट्टे-पिस्टल और चाकू बरामद किए गए हैं। अवैध हथियार रखने के जुर्म में एफआइआर भी दर्ज की है।डीसीपी (अपराध) निमिष अग्रवाल के मुताबिक, साइबर सेल इंटरनेट मीडिया की मानिटरिंग करती है। आपत्तिजनक पोस्ट और हथियारों के साथ रील बनाने वालों पर नजर रखी जाती है। टीम ने मानिटरिंग कर बुधवार को विशेष सशस्त्र बल के हवलदार शिवसिंह यादव के बेटे सौरभ सिंह और सोनू कौशल को देशी पिस्टल के साथ पकड़ा। गुरुवार को सुदामा नगर के अजय ठाकुर को पिस्टल और नवेश शिंदे व सौरभ परमार को चाकू के साथ पकड़ लिया। पांचों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
