सेंट्रल जेल में बंद हत्या के आरोपी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। वह रात को सोया था, सुबह लॉकअप खुला तो वह नहीं उठा। सेंट्रल जेल के जेलर एस एस नागर के अनुसार मृतक का नाम देवी सिंह पिता मानेसर उम्र 40 साल है। वह 2015 से जेल में बंद था। बुरहानपुर में हत्या के मामले में वह जेल आया था। रात को वह बैरक नंबर 7 के 3 नंबर वार्ड में सोया था। शनिवार सुबह जब लॉकअप खुला तो बंदी बाहर आए, लेकिन वह नहीं उठा।
उसके साथ वाले बंदियों ने उसे हिलाया तो वह अचेत मिला। इसके बाद तुरंत ही जेल के डॉक्टर ने उसकी जांच की, फिर एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वजह साफ हो पाएगी।
