सिरपुर में अवैध कॉलोनी काटने पर निगमायुक्त ने दिखाई सख्ती, तो प्रशासन ने मूलतान सोसायटी को थमाया लीज निरस्ती का नोटिस

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

तीन महिलाओं सहित आधा दर्जन कॉलोनाइजरों पर दर्ज करवाई एफआईआर
इंदौर
एक तरफ प्रशासन १०० से अधिक अवैध कॉलोनियों की जांच कर एफआईआर दर्ज करवा रहा है, तो दूसरी तरफ कल नगर निगम ने भी सिरपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन अवैध कॉलोनियों पर अवैध कॉलोनी के साथ ही तीन महिलाओं सहित आधा दर्जन कॉलोनाइजरों के खिलाफ द्वारकापुरी थाने पर एफआईआर दर्ज करवाई, तो दूसरी तरफ गंगवाल बस स्टैंड के पास विवादित कॉलोनी भक्त प्रहलाद नगर की संस्था मूल्तान को-ऑपरेटिव को लीज निरस्ती के नोटिस थमाए, जहां लगातार आवासीय भूखंडों पर होटल, होस्टल सहित अन्य व्यवसायिक निर्माण होते रहे हैं।
आयुक्त और प्रभारी कलेक्टर शिवम वर्मा ने एक जानकारी में बताया कि कॉलोनी सेल ने पिछले दिनों मिल रही शिकायतों के आधार पर नोटिस जारी करने के साथ एफआईआर दर्ज कराने की शुरुआत भी की, जिसके चलते सिरपुर में सर्वे नम्बर ५२६/१/१ पर काटी गई अवैध कॉलोनी की शिकायत मिलने पर संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। कल निगम के सहायक यंत्री सत्येन्द्र सिंह ने द्वारकापुरी थाने पर आवेदन देकर आधा दर्जन कॉलोनाइजरों पर एफआईआर दर्ज करने की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने तीन महिलाओं सहित कुल ६ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इनमें अनिल पिता रामराव बोराड़े, प्रदीप बोराड़े, श्रीमती जयश्री पति स्व. अशोक, श्रीमती सीमा पति स्व. विजय और श्रीमती उर्मिला पति स्व. सूर्यकांत के अलावा गौरव द्विवेदी के खिलाफ उक्त एफआईआर दर्ज की गई है। निगम के कॉलोनी सेल ने पिछले दिनों भी कुछ कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ बुलडोजर भी चलाए थे और सुगम यातायात की दृष्टि से भी रोजाना फुटपाथ, सड़कों पर किए जा रहे अतिक्रमणों को हटवाया जा रहा है। दूसरी तरफ लम्बे समय से विवादित भक्त प्रहलाद नगर, जहां पर पूर्व में भी निगम प्रशासन कार्रवाई भी कर चुका है, बावजूद इसके धड़ल्ले से व्यवसायिक निर्माण हो रहे हैं। लिहाजा एसडीएम मल्हारगंज ने मूल्तान को-ऑपरेटिव सोसायटी को लीज निरस्ती के नोटिस थमाए हैं। उक्त सोसायटी को आवासीय कॉलोनी के लिए सरकारी जमीन आबंटित की गई थी। मगर उसका दुरुपयोग किया जा रहा है। दूसरी तरफ सोसायटी की लीज भी सालों पहले खत्म हो गई और उसे अभी तक पुनर्जीवित भी नहीं किया गया है।

Exit mobile version