सड़कों पर गाड़ी खड़ी करने पर लगेगा जुर्माना, MIC में कल आएगा प्रस्ताव

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक 18 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। नगर निगम मुख्यालय में सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इसमें कुुल 55 प्रस्ताव रखे जाएंगे। इसके अलावा अन्य प्रस्ताव भी होंगे, जिन्हें अभी तक फाइनल नहीं किया गया है। इस बार सड़कों पर गाड़ी खड़ी करने को लेकर निगम सख्ती करने जा रहा है। पेनल्टी के प्रावधान के लिए जल्द ही बायलॉज बनाए जाएंगे। एमआईसी में इसका प्रस्ताव लाया जा रहा है। सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने को लेकर प्रस्ताव इसलिए लाया जा रहा है, ताकि नगर निगम को पेनल्टी के अधिकार मिलें। मल्टीलेवल पार्किंग के रूफटॉप पर प्ले जोन और अन्य गतिविधियों के लिए रेंट पर दिया जाएगा। पहली बार निगम की बिल्डिंग इन गतिविधियों के उपयोग के लिए दी जाएगी।
इसके अलावा जनसुविधा के लिए फुटओवर ब्रिज का निर्माण, नवीन कन्या विद्यालय रामबाग क्रमांक 7 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को संस्था क्रीडा भारती को आवंटन करने, लीज बढ़ाने के शुल्क में वृद्धि करने, हरसिद्धि मंदिर के पास कम्यूनिटी हॉल में कमरा आवंटन, जनसंपर्क और सोशल मीडिया से संबंधित कार्यों के लिए एजेंसी के निर्धारण संबंधी प्रस्ताव रखे जाएंगे। सीवर, स्वच्छ भारत सर्वेक्षण और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विभागों के प्रकरण भी रखे जाएंगे।
रिफलेक्टिव जैकेट पहनना सफाई मित्रों को अनिवार्य
सफाई मित्रों को सफाई कार्य के दौरान रिफलेक्टिव जैकेट पहनना अनिवार्य होगा। निगमायुक्त शिवम वर्मा ने आदेश जारी करते हुए समस्त सफाई मित्रों को निर्देशित किया गया है कि सफाई कार्य के दौरान रिफलेक्टिव जैकेट पहनना अनिवार्य है। अभी रिफलेक्टिव जैकेट का उपयोग सफाई मित्र नहीं कर रहे है। कोहरे या कम रोशनी की स्थिति में दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और मुख्य स्वच्छता निरीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे इस आदेश का पालन सुनिश्चित करें।

Exit mobile version