अयोध्या से आए पावन अक्षत कलश का विधि विधान से पूजन करने के साथ धरमपुरी के समीप श्री काशी विश्वनाथ धाम मंदिर से ग्राम श्री राम मुंडला तक वाहनों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। आयोजन समिति के प्रमुख पप्पू शर्मा ने आज जानकारी दी।
अयोध्या में होने वाले भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पूर्व पूरे देश में भगवान की शोभायात्राएं जगह-जगह निकल रही है, जहां इसी कड़ी में इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र के धरमपुरी के समीप श्री काशी विश्वनाथ धाम मंदिर से ग्राम श्रीराम मुंडला तक भगवामय माहौल में जय श्री राम के उदघोष के साथ सैकड़ो की संख्या में ट्रैक्टर, कार, बाइक आदि वाहनों की शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें अक्षत कलश का पूजन करके बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों ने शोभायात्रा में शामिल होकर 9 दिवसीय श्री राम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव प्रारंभ किया। भाजपा नेता पप्पू शर्मा ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट के सानिध्य में इस धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत हुई है। जहां बीते दिन निकली शोभायात्रा के साथ ही पांच दिवसीय अखंड श्री रामायण पाठ, सुंदर काण्ड, भजन कीर्तन सत्संग, महा आरती, महाप्रसादी वितरित हर दिन होगा। वही 22 जनवरी को राम लला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को भव्य बनाने के लिए घर-घर दीप जलाने के साथ ही साथ सजा होगी और इस दिन को दीपावली की तरह उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
