एमजी रोड स्थित पाकीजा शोरूम की चौथी मंजिल पर करीब 6 हजार वर्गफीट का अवैध निर्माण गुरुवार को नगर निगम ने हटाया। अवैध निर्माण को लेकर निगम दो नोटिस जारी कर चुका था। अंत में प्रशासन के निर्देश पर पुलिस बल की मौजूदगी में निगम ने कार्रवाई की। रीगल तिराहा स्थित पाकीजा शोरूम को अवैध निर्माण, बेसमेंट पर कब्जा, संपत्ति कर में गड़बड़ी और अन्य अनियमितताओं को लेकर निगम नोटिस जारी कर चुका था। इसके बाद सुबह 7 बजे उपायुक्त लता अग्रवाल के साथ रिमूवल टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण ढहा दिया।
पाकीजा शोरूम के मेहबूब गौरी ने बताया कि बिल्डिंग 30 साल पुरानी है। बनी हुई ही खरीदी थी। जो नक्शा पास हुआ था, उसमें बेसमेंट की जगह गोडाउन ही लिखा है। पार्किंग की जगह नहीं थी। हम गोडाउन की तरह ही इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन कानून व नियमों के पालन के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
