इंदौर में बीबीए छात्र ओम विश्वकर्मा ने हॉस्टल में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वह भोपाल का रहने वाला था और उसके पिता आर्मी में लांस नायक हैं। ओम से 18 दिसंबर को वीडियो कॉल पर बातचीत की थी, तब वह सामान्य था।
इंदौर में BBA छात्र ने हॉस्टल में फांसी लगाई
युवक ओम के पिता आर्मी में लांस नायक हैं
18 दिसंबर को वीडियो कॉल पर बात की थी
इंदौर। विजयनगर थाना क्षेत्र में बीबीए छात्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। आर्मी में लांस नायक का 20 वर्षीय बेटा ओम विश्वकर्मा भोपाल का रहने वाला था और इंदौर में स्कीम-74 स्थित हॉस्टल में रहता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्ट मार्टम करवाया है।
आर्मी में लांस नायक हैं पिता
एएसआई अरविंद सिंह चौहान के मुताबिक मूलत: इंद्रप्रस्थ कॉलोनी भोपाल निवासी ओम स्कीम-74 स्थित होस्टल में रहता था। उसके पिता घनश्याम विश्वकर्मा आर्मी में लांस नायक के पद पर है। शुक्रवार को रूम का दरवाजा न खोलने पर वार्डन ने पुलिस को खबर दी थी। सूचना मिलने पर घनश्याम भी इंदौर पहुंच गए।
18 दिसंबर को ही वीडियो कॉल पर की थी बात
पिता घनश्याम विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि ओम को कोई परेशानी नहीं थी। 18 दिसंबर को ही वीडियो कॉल पर बात की थी। हमेशा हंसते हुए बात करता था। ओम निजी कॉलेज में गेम डिजाइनिंग (बीबीए) की पढ़ाई कर रहा था।
