रालामंडल के रिवेरा फार्म हाउस में हुई रेव पार्टी में पुलिस की दबिश के बाद से फरार चल रही इवेंट मैनेजर कशिश वाधवानी को गिरफ्तार कर लिया है। कशिश ने कबूला कि शहरी सीमा और बाहरी इलाकों में कई रेव पार्टियां सुबह 6 बजे तक चलती हैं। उसने दो दर्जन से ज्यादा पार्टी आयोजित करने वालों के नाम और उनके ठिकानों की भी जानकारी दी है। आजाद नगर एसीपी आशीष पटेल ने बताया कि कशिश वाधवानी कालानी नगर में रहती है, लेकिन घटना के बाद से वह फरार हो गई थी। उसने शहर में ही अपनी 12-15 लोकेशन बदली फिर वह मल्हारगंज स्थित अपने पुराने घर में छिप गई थी। उसने मोबाइल की सिम भी फेंक दी थी। एसीपी ने बताया कि कशिश पहले स्कल पब और कुछ बार व स्पा में काम कर चुकी है।
इसके अलावा उसने सैलून भी खोला था, इसलिए उसकी शहर के कई रईसजादों और युवतियों से पहचान है। इसलिए उसने अब रेव पार्टियों में इवेंट मैनेजमेंट और कस्टमर को बुलाने वाला काम शुरू किया था। उसने बताया अधिकांश जगहों पर इवेंट का काम वही संभालती थी। कशिश की पहचान कुछ ट्रांसजेंडर और युवतियों से है। उन्हें कशिश ही बुलाती थी।
कशिश पब और बार में पहले काम कर चुकी है। वहीं जो लोग उसके संपर्क में थे, उन्हीं को पार्टी के लिए बुलाती थी।
गुप्ता ने कई नंबरों की लिस्ट दी
कशिश ने कबूला कि इवेंट मैनेजमेंट के लिए उसे 10-12 हजार रुपए मिलते थे। इसके अलावा हर टेबल बुक करने का कमीशन अलग से मिलता था। यहां एंट्री फीस नहीं रहती थी बल्कि टेबलों की बुकिंग होती है। हर टेबल के रेट अलग-अलग होते हैं। आयोजक सोनू गुप्ता ने ही उसे कई लोगों के नंबरों की लिस्ट दी थी और कशिश ने फोन लगाकर पार्टी ऑफर की थी।
सोनू गुप्ता ने बोला था तू भी भाग जा
कशिश ने बताया कि रिवेरा फार्म हाउस की पार्टी का मुख्य आयोजक सोनू गुप्ता है। उसे कई फार्म हाउस की जानकारी है और उसी के पास लिस्ट भी है कि कितने लोग इसमें शामिल हुए थे। घटना वाली रात जब दबिश डली तो सोनू दीवार कूदकर भाग रहा था। इस दौरान कशिश को कहा था कि तू भी भाग जा। वहीं हितेश सिंघानी ने कहा था कि मोबाइल की सिम फेंक देना। अफसरों का कहना है कशिश जितने फार्म हाउस संचालक और पार्टी आर्गेनाइजरों के नाम बता रही है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सोनू की भी एक जगह लोकेश मिली है, वहां भी दबिश देंगे।
रेव पार्टी करने वालों पर हो कार्रवाई : बागड़ी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष अरविंद बागड़ी ने रेव पार्टी के कर्ताधर्ताओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा एक ओर सीएम डॉ. मोहन यादव नशे के कारोबार को खत्म करने की कसम खा रहे, दूसरी ओर हाई प्रोफाइल ग्रुप द्वारा युवाओं का जीवन बर्बाद किया जा रहा है। इस मामले में जिम्मेदार मौन क्यों हैं। पुलिस ने रेव पार्टी के कर्ताधर्ताओं को सिर्फ नोटिस देकर क्यों छोड़ा? इन पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
