- बस ड्राइवर से चंदन नगर थाने के दो जवानों ने 14 लाख रुपये से भरा बाक्स छीन लिया था।
इंदौर। चंदन नगर थाना पुलिस बस ड्राइवर से रुपये लूटने वाले पुलिसकर्मियों के फरार साथी को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने लूट के रुपयों से मिले हिस्से से एक कार खरीद ली थी। पुलिस ने कार भी जब्त की है।
पिछले दिनों एक व्यापारी ने पंजाब ट्रैवल्स के बस ड्राइवर को एक बाक्स में 14 लाख रुपये रखकर अहमदाबाद पहुंचाने के लिए दिए थे। लेकिन रास्ते में ही चंदन नगर थाने के दो जवानों दीपक और योगेश ने अपने तीन बाहरी साथियों के साथ मिलकर ड्राइवर से रुपयों से भरा बाक्स छीन लिया था। पुलिस ने बस ड्राइवर की निशानदेही पर दोनों पुलिस जवानों को तो गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन इनके साथी फरार हो गए थे। मंगलवार को पुलिस ने एक साथी जफर पठान को गिरफ्तार कर लिया।
फरार साथियों की तलाश
थाना प्रभारी इंद्रमणि पटेल ने बताया कि आरोपित पुलिस जवानों को बाक्स में रुपये होने की जानकारी देने वाला समीर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस ने लूटी गई राशि जब्त कर ली है।
