इंदौर के बाणगंगा पुलिस ने इलाके में मंदिर का चबूतरा तोड़े जाने और बावड़ी में मिट्टी डलवाने को लेकर फैक्ट्री के संचालक और उसके साथियों पर केस दर्ज किया है। यहां रहवासियों ने आरोप लगाया कि खाली पड़ी जमीन पर कब्जे को लेकर सुनियोजित तरीके से यह काम किया गया है। पुलिस केस दर्ज करने के बाद अब पूरे मामले में जांच कर रही है।
मूर्ति उठाकर बावड़ी में डाल दी
बाणगंगा पुलिस ने दिलीप सिंह सोलंकी की शिकायत पर गुड्डू हाजी और उसके दो साथियों पर केस दर्ज किया है। सोलंकी ने बताया कि उनके पास कुछ लोग पहुंचे और बताया कि ग्राम नरवल के नाले किनारे जो भेरू बाबा की मूर्ति थी, वह मौके पर नही है और वही पास में जो बावड़ी बनी थी। जिसके आसपास बैठकर लोग पूजा करते है, उसमें मिट्टी भरी हुई है, वही चबूतरा भी टूटा हुआ है।
दिलीप सिंह आसपास के लोगों के साथ बावड़ी पर पहुंचे। मौके पर पता चला कि सुपर इंडस्ट्री के नाम से फैक्ट्री संचालित करने वाला गुड्डू हाजी अपने दो साथियों के साथ आया। जिसने मूर्ति उठाकर बावड़ी में डाल दी, इसके बाद उस पर मिट्टी डलवा दी, बात करने पर उसने विवाद शुरू कर दिया।
दिलीप के साथ ग्राम नरवल के राधाकृष्ण जायसवाल, राजकुमार शर्मा, प्रतीक सिंह बघेल, राजीव मेहरा, जितेंद्र तिवारी और ईश्वर जोशी सहित कई लोग थाने पहुंचे थे। उन्होंने मंदिर में नुकसान होने पर धार्मिक भावना आहत होने का आरोप लगाया। पुलिस ने इसके बाद आरोपियों पर कार्रवाई की है।
