इंदौर के बाणगंगा में एक युवती को उसके मंगेतर ने रोक लिया। युवती ने सड़क पर बात करने से इनकार किया तो आरोपी ने धारदार पत्ती से हमला कर दिया। सड़क पर ही बाल पकड़कर मारा। युवती की छोटी बहन बचाव करने आई तो उस पर भी पत्ती से हमला कर घायल कर दिया
बाणगंगा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोनम की शिकायत पर उसके मंगेतर जीवन भदौरिया के खिलाफ धमकाने, मारपीट, धारदार हथियार से हमला करने और जबरन रास्ता रोकने के मामले में केस दर्ज किया है।
सोनम ने बताया कि वह अपनी छोटी बहन सोनिका के साथ रात 9 बजे गोरी नगर में मेला देखने जा रही थी। सुखलिया में देवश्री तोल कांटे के यहां पहुंची तो वहां पल्सर बाइक लेकर आरोपी जीवन पहुंचा। उसने बाइक मोपेड के आगे अड़ाकर कहा कि मुझे बात करना है।
सोनम ने इनकार किया तो जीवन बाल पकड़कर मारपीट करने लगा। सोनम भागने लगी तो जीवन ने जेब से धारदार पत्ती निकालकर हमला कर दिया। उसके सिर में भी चोट आई। बहन सोनिका बचाव करने आई तो उस पर भी हमला कर दिया। दोनों बहनों ने परिवार को मोबाइल पर जानकारी दी। इसके बाद थाने आकर केस दर्ज कराया।
