रेजिडेंसी इलाके में कल रात भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी पर हमले का मामला सामने आया। पदाधिकारी ने गोली चलने का आरोप लगाया है, लेकिन पुलिस जांच में इस बात की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी अमन सिलावट रेजिडेंसी क्षेत्र में सरकारी क्वार्टर में रहते हैं और युवा मोर्चा के पदाधिकारी हैं। कल वह ट्रैफिक गार्डन के पास टहल रहे थे जब एक कार में कुछ लड़के आए और विवाद करने लगे। अमन के विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और झूमाझटकी भी की। इसके बाद अमन युवा मोर्चा अध्यक्ष के साथ थाने पहुंचे और आरोप लगाया कि गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी। पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास बंगलों के गार्ड से पूछताछ की। विवाद की पुष्टि तो हुई, लेकिन गोली चलने की बात किसी ने नहीं मानी।
