भाजपा नेता को ठग ने बेच दी जेल में बंद नारायण साईं की जमीन, 40 लाख रुपए बयाना लिया…ऐसे खुला मामला

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • प्रापर्टी डीलर ने भाजपा नेता नासिर शाह के साथ मिलकर 19 बीघा जमीन का सौदा 9 करोड़ 11 लाख रुपए में किया। संबंधित जमीन राजस्व रिकार्ड में ओमराव के नाम से दर्ज ही नहीं थी। इस जमीन का विवाद अभी कोर्ट में चल रहा है। जमीन का कुछ हिस्सा आसाराम बापू के बेटे नारायण साईं के नाम पर है।
  • जेल में बंद नारायण साईं की जमीन दिखाकर धोखाधड़ी
  • आरोपी ने सौदे का अनुबंध किया और रुपए ले लिए
  • अपराध शाखा ने आरोपी के खिलाफ दर्ज की FIR

इंदौर। जेल में बंद नारायण साईं की जमीन दिखाकर भाजपा नेता से 40 लाख की ठगी हो गई। आरोपित ने बाकायदा सौदे का अनुबंध किया और नकद व चेक के माध्यम से रुपए ले लिए। अपराध शाखा की रिपोर्ट पर खजराना पुलिस ने बुधवार रात आरोपित के खिलाफ FIR दर्ज कर ली।

9 करोड़ 11 लाख रुपए में सौदा
पुलिस के मुताबिक, खजराना निवासी दीनदयाल चौहान द्वारा शिकायत दर्ज करवाई थी। प्रॉपर्टी व्यवसायी दीनदयाल ने भाजपा नेता नासिर शाह (हबीब कालोनी) के साथ मिलकर ओमराव साबले (स्कीम-71) से ग्राम बिहाड़िया स्थित 19 बीघा जमीन का सौदा 9 करोड़ 11 लाख रुपए में किया था।

कोर्ट में भी चल रहा भूमि विवाद
नासिर शाह ने बेटे इरशाद शाह के नाम से अनुबंध किया और 11 लाख रुपये चेक के माध्यम से दिए। कुछ अन्य चेकों के माध्यम से भी 40 लाख रुपए ले लिए, जबकि जमीन राजस्व रिकार्ड में ओमराव के नाम से दर्ज ही नहीं थी। उक्त जमीन का कोर्ट में भी विवाद चल रहा है। मौके पर जाने पर पता चला भूमि पर कब्जा किसी और का है।

आसाराम बापू का बेटा है नारायण साईं
उक्त जमीन का कुछ हिस्सा आसाराम बापू का बेटा नारायण साईं, कल्पना, सूर्यकांत व रमेश पुराणिक के नाम पर है। मामले की पुलिस आयुक्त राकेश गुप्ता को शिकायत की गई। गुप्ता ने अपराध शाखा से जांच करवाई।जांच रिपोर्ट मिलने पर खजराना पुलिस ने बुधवार को एफआइआर दर्ज कर ली।

- Advertisement -
Exit mobile version