बिना नंबर प्लेट की बाइक से इंदौर में लूटता था चेन, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

राऊ और भंवरकुआं क्षेत्र में दो लूट स्वीकारी, कर्ज होने के कारण करने लगा था लूटपाट, पुलिस अन्य घटनाओं में कर रही पूछताछ।
इंदौर। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिना नंबर प्लेट की बाइक से चेन स्नेचिंग करने वाले आरोपित को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, हितेश पंजाबी निवासी क्रांति कृपलानी नगर को घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपित ने पूछताछ में थाना राऊ व भंवरकुआं क्षेत्र में दो चेन झपटने की घटना करना स्वीकार किया है। आरोपित ने पुलिस को बताया कि उस पर कर्ज बहुत ज्यादा हो गया है और जल्दी पैसा कमाने के लिए घटना को अंजाम दिया था।
घर के बाहर घूम रही महिला की चेन लूटी थी
आरोपित ने 10 अप्रैल को राऊ थाना क्षेत्र में घर के बाहर घूम रही महिला के गले से चेन लूटी थी। इसके अलावा भंवरकुआं क्षेत्र में एक जुलाई को चेन लूटना स्वीकार किया। आरोपित के कब्जे से सोने की दो चेन जब्त की गई। अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version