कनाड़िया बायपास स्थित कॉलोनी के दो घरों में चोरी की वारदात हुई है। बदमाशों ने यहां एक आईटी इंजीनियर और हार्डवेयर व्यापारी के सूने घरों को निशाना बनाया। बदमाश यहां से जेवर, नकदी और बाइक चुरा ले गए। तीन चोरों के हुलिए कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस को आईटी इंजीनियर अभिषेक हारदे निवासी एसपी विला बायपास रोड ने बताया कि वे आईटी इंजीनियर हैं। इंदौर में स्टॉक मार्केट का काम कर रहे हैं। 26 नवंबर से मैं रिश्तेदार की शादी में एमआर-10 स्थित वैभव श्री गार्डन गया था। 29 की सुबह घर लौटा तो देखा ताला और खिड़की टूटी हुई है। अंदर अलमारी टूटी पड़ी थी। बदमाश सोने की ईयर रिंग, चांदी की कटोरी, चांदी के सिक्के, 5 हजार रुपए और एक्टिवा चुरा ले गए थे।
हार्डवेयर व्यापारी के घर भी बोला धावा
दूसरी वारदात यहीं पीछे की गली में रहने वाले हार्डवेयर व्यापारी मोहित पांचाल के यहां हुई। मोहित दो दिन के लिए परिवार सहित राजस्थान में एक मकान के उद्घाटन में गए थे। 29 की रात को लौटे तो उन्हें भी चोरी का पता चला। यहां से चोर सवा लाख रुपए कीमत के जेवर और 30 हजार नकद ले गए। यहां भी बदमाश खिड़की की ग्रिल तोड़कर घुसे थे। लोगों ने कैमरे खंगाले तो पता चला कि चोरों ने करीबन एक दर्जन मकानों में झांककर देखा था फिर दो घरों में चोरी कर ली।
गार्ड छुट्टी पर था -कॉलोनी के अध्यक्ष ने बताया कि कॉलोनी में गार्ड हैं। पीछे की लाइन वालों ने मेंटेनेंस नहीं दिया इसलिए हमने खुद के गार्ड रखे थे। घटना वाले दिन गार्ड छुट्टी पर था। आगे बायपास पर भूसे की अवैध मंडी बन चुकी है, वहां रातभर संदिग्ध लोग घूमते रहे हैं।
