पुलिसकर्मियों पर हमला कर डकैतों को छुड़ा ले गई सोमला गैंग,

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
  • हीरानगर से जीप चुराकर भाग रहे थे, जोबट में पुलिस ने रोका तो भिड़ गए बदमाश।

इंदौर। लंदन विलाज डकैती कांड के मुख्य आरोपित सोमला गैंग जोबट में पुलिसकर्मियों पर हमला कर फरार हो गई। बदमाश हीरानगर थाना क्षेत्र से जीप चुराकर ले गए थे। जीपीएस ट्रैकिंग के आधार पर पुलिसकर्मियों ने नाकाबंदी लगाई, लेकिन बदमाश पुलिसकर्मियों से ही भिड़ गए। पुलिस ने कई बार दबिश भी दी, लेकिन आरोपित फरार मिले। हीरानगर थाना के अंतर्गत लाहिया कालोनी (कबीटखेड़ी) से पिछले दिनों तूफान वाहन चोरी हुआ था। जीप में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगा हुआ था। जीपीएस से पता चला कि बदमाश जोबट की तरफ गए हैं। झाबुआ पुलिस को अलर्ट किया तो कालीदेवी क्षेत्र में पुलिसवालों ने गाड़ी पकड़ ली। सोमला ने कालीदेवी में ही आइओसी के मैनेजर पुष्पेंद्रसिंह की कार छोड़ी थी।

बताते हैं कि बदमाश जीप रोकने वाले पुलिसकर्मियों से भिड़ गए और साथियों को छुड़वा लिया। हालांकि पुलिस ने जीप को जब्त कर लिया। जोन-3 के डीसीपी पंकज पांडे के अनुसार बदमाश बोरी थाना अंतर्गत आने वाले बड़ी कदवाल के है। ये बदमाश सोमला से जुड़े हैं कि नहीं, यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन सोमला भी इसी गांव में रहता है। यहां कई गैंग सक्रिय हैं और एक-दूसरे के साथ मिलकर अपराध भी करते हैं।

बाइक चुराकर बड़ी गाड़ी चुराते हैं बदमाश
पुलिस की जांच में पता चला कि बदमाश किराये की गाड़ी लेकर शहर आते हैं। बाहरी क्षेत्र में उतर कर पहले दोपहिया वाहन की व्यवस्था करते हैं। चोरी के इसी वाहन से बड़ी गाड़ी चुराते हैं ताकि लूट-डकैती जैसी घटना को अंजाम दे सकें। पुलिस अब धार, झाबुआ, आलीराजपुर पुलिस की मदद से आरोपितों को ढूंढ रही है।

लंदन विलाज डकैती केस : आरोपित से अंगूठी जब्त
बाणगंगा पुलिस ने लंदन विलाज डकैती कांड के एक आरोपित थावरिया उर्फ राजेश से सोने की अंगूठी जब्त कर ली है। आरोपित ने पूछताछ में स्वीकारा कि डकैती में आकेश उर्फ आकाश, कलम थोगू और सोमला शामिल था। डकैती के बाद आरोपित गुजरात भागे थे। टीआइ लोकेशसिंह भदौरिया के अनुसार अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

- Advertisement -
Exit mobile version