लसूड़िया क्षेत्र में एक महिला को उसके पति ने दहेज के लिए पीटा। इसके बाद महिला की करंट से मौत हो गई। मायके वालों ने दामाद पर उनकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतका का नाम गंगा (24) पति दीपक है। उसकी मंगलवार शाम करंट लगने से मौत पता चली है। गंगा के परिजन ने बताया कि दीपक इंजीनियर है। इसी 25 अप्रैल को दोनों की शादी हुई थी, तभी से ससुराल वाले दहेज की मांग कर रहे थे। हमने शादी में दहेज दिया था, फिर भी वे गंगा के साथ मारपीट करते थे। मंगलवार दोपहर गंगा से फोन पर बात हुई थी तो उसने कहा था कि दीपक ने दहेज को लेकर बुरी तरह पीटा है। फिर हमने 3 बजे फिर फोन लगाया तो किसी ने नहीं उठाया। उसके बाद शाम को गंगा की मौत की सूचना मिली। युवती के गले पर तार या पतली रस्सी के निशान हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि दीपक ने दहेज के लिए गंगा की हत्या की है।
