पत्नी का करवा चौथ का उपवास खुलवाने मिठाई लेने गए युवक पर जानलेवा हमला

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

करवा चौथ पर उपवास खोलने के लिए इंतजार कर रही पत्नी के लिए मिठाई लेकर लौट रहे एक युवक पर पड़ोसियों ने जानलेवा हमला कर दिया। उस पर चाकुओं से कई वार किए। पति पर हमले की सूचना मिलते ही प|ी दौड़ी। परिजन के साथ अस्पताल लेकर गई। अभी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने अस्पताल में बयान लेने के बाद केस दर्ज किया है। बाणगंगा पुलिस के अनुसार घटना रविवार को छोटी कुम्हारखाड़ी में हुई है। यहां रहने वाले शिव किशोर प्रजापति पर उसके ही पड़ोसी जितेंद्र प्रजापति और राकेश (दोनों भाई) ने जानलेवा हमला किया है।
पिता प्रभुदयाल प्रजापति ने बताया कि रात को बहू का करवा चौथ का उपवास खुलवाने के लिए शिव मिठाई लेने गया था। आरोपी हमारे घर के पास ही रहते हैं। वे बीच रास्ते में खड़े थे। शिव ने उन्हें हटने के लिए कहा तो कुछ कहासुनी हो गई। इसके बाद वह मिठाई लेने चला गया। जब वापस लौटा तो आरोपियों ने उसे घेर लिया और चाकुओं से हमला कर दिया। उसे पेट, सिर और सीने में चाकू मारे हैं। इससे उसका काफी खून बह गया। पेट में गहरा घाव है। वह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
बहू ने कुछ नहीं खाया, अगले दिन चूल्हा भी नहीं जला
रिश्तेदारों ने बताया कि पति की स्थिति देखने के बाद से रजनी ने उपवास नहीं खोला। रात का भोजन हमने गाय को दिया है। अगले दिन घर में चूल्हा भी नहीं जला है। बहू ने तो अगले दिन भी कुछ नहीं खाया। बड़ी मुश्किल से उसे चाय और पानी पिलाया। शिव के तीन बच्चे हैं। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अस्पताल में बयान लेने के बाद केस दर्ज किया है।

TAGGED:
Exit mobile version