इंदौर में शनिवार को नगर निगम की निर्माणाधीन बिल्डिंग की पांचवी मंजिल से गिरने से महिला मजदूर की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अनियंत्रित होने से महिला का पैर फिसला और वह सिर के बल जमीन पर जा गिरी। इस वजह से उसका काफी खून बह गया। उसके शरीर में कई जगह चोटें आई थी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान अनीता उर्फ सुनीता (26 साल) पति दिनेश के रूप में हुई है। वह देवास से इंदौर आकर मजदूरी कर रही थी। दरअसल नगर निगम परिसर में करीब दस साल से नए परिषद भवन का निर्माण कार्य चल रहा है, जहां शहर के बाहर से आए कई मजदूर काम कर रहे हैं। अनीता भी यहीं मजदूरी कर रही थी। एमजी रोड थाना टीआई विजयसिंह सिसौदिया ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एम्बुलेंस से शव को एमवाय अस्पताल भेजा है। हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। वहीं महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों को इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं। महापौर के मुताबिक हादसा किसकी लापरवाही से हुआ है इसकी जांच की जाएगी। नई बिल्डिंग का काम कर रहे ठेकेदार से भी इस मामले में पूछताछ की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
