द्वारकापुरी क्षेत्र की घटना:फोन पर बात कर रहे ट्रैक्टर चालक ने 2 साल के मासूम को रौंदा, अस्पताल में मौत

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

द्वारकापुरी क्षेत्र में एक प्राइवेट ट्रैक्टर-टैंकर चालक ने दो साल के मासूम को टक्कर मार दी। पिछले पहिए में आने से बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगी। पड़ोसी दुकानदार उसे हॉस्पिटल ले गया, वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्चा अपनी मां के साथ दुकान पर सामान लेने गया था। वह दुकान से रोड पर आ गया, तभी ट्रैक्टर ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।टीआई आशीष सप्रे ने बताया कि घटना मंगलवार शाम गोंदवले धाम के पास की है। बालक का नाम सन्नी पिता गणेश बंसल है। ट्रैक्टर ने उसे चपेट में लिया तो वह टैंकर के पहिए के नीचे आ गया। आरोपी ट्रैक्टर चालक का नाम विजय पिता रेवाराम निवासी गुजरी है।
ट्रैक्टर चालक के पास दस्तावेज और नंबर प्लेट भी नहीं
परिजन ने बताया कि ट्रैक्टर चालक तेज गति से चला रहा था। इस दौरान वह फोन पर बात कर रहा था। ट्रैक्टर चालक के पास कोई दस्तावेज नहीं मिले। यहां तक कि ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। हादसे के बाद वह भागने लगा तो रहवासियों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
5 साल पहले सन्नी की बहन की डूबने से मौत हो गई थी
पिता गणेश ने बताया कि सन्नी उनका इकलौता बेटा था। पिछले 5 साल में हमने अपने दो बच्चों को खो दिया। दो साल पहले 3 साल की बेटी की डूबने से मौत हो गई थी। उसके बाद कई मन्नतों से सन्नी का जन्म हुआ था।
अगस्त में ही मनाया था जन्मदिन- परिजन के मुताबिक सन्नी के माता-पिता दमोह के रहने वाले हैं। एक साल पहले ही काम-धंधे की तलाश में वे इंदौर आए थे। सन्नी के पिता चौकीदारी करते हैं। 26 अगस्त को ही सन्नी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया था।

Exit mobile version