इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा लोक माता देवी अहिल्याबाई होल्कर के 300वी जयंती समारोह को हर्षोउल्लास व उत्सव के रूप में मनाने के लिये पार्षद दल की सीटी बस आफिस में बैठक ली गई। बैठक में सभापति, महापौर परिषद सदस्य और पार्षदगण उपस्थित थे। इस बैठक में महापौर ने बताया कि देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वी जयंती वर्ष को हर्षोउल्लास व उत्सव पूर्वक मनाने के संबंध में पार्षद दल के साथ बैठक ली गई, जिसके तहत आगामी 31 मई को शहर के समस्त प्रत्येक वार्ड के मुख्य स्थान जिनमें चौराहा, उद्यान या सार्वजनिक स्थानो पर समारोह पूर्वक मनाने के संबंध में पार्षदो से सुझाव लिये गये। इसके साथ ही मां अहिल्या की जयंती की पूर्व संध्या 30 मई को शाम को राजबाडा के गणेश हॉल में मां अहिल्या पर आधारित कलांजल सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही अहिल्या उद्यान राजबाडा पर भव्य आतिषबाजी व मिठाई वितरण सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किये जावेगे। साथ ही दिनांक 31 मई को मां अहिल्या की जयंती के अवसर पर राजबाडा के साथ-साथ प्रत्येक वार्ड में प्रातःकाल में वार्ड के प्रमुख चिन्हांकित स्थल पर मां अहिल्या देवी होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण, रांगोली व साज-सज्जा उत्सवी रूप में कार्यक्रम किया जावेगा।
