दीपावली के अवकाश में भी प्राधिकरण ने कराया आईएसबीटी का काम

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

15 दिसंबर तक प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए लगा रहे हैं ताकत

इंदौर, इंदौर विकास प्राधिकरण के द्वारा दीपावली के अवकाश के दिनों में भी ग्राम कुमेडी में बनाए जा रहे आईएसबीटी का काम चलाया गया है। इस प्रोजेक्ट को 15 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्राधिकरण के अधिकारी ठेकेदार एजेंसी पर दबाव बनाकर काम पूरा करने में ताकत लगा रहे हैं।

इंदौर शहर से दूसरे शहरों और दूसरे राज्यों के लिए चलने वाली बस के संचालन के लिए दो आईएसबीटी बनाने का फैसला लिया गया था। इसके अंतर्गत पहला आईएसबीटी इंदौर विकास प्राधिकरण के द्वारा नायता मुंडला में बना दिया गया है। इस आईएसबीटी से बसों का संचालन भी शुरू हो गया है। इसके बाद अब प्राधिकरण के द्वारा अपने दूसरे आईएसबीटी को तैयार करने के काम पर फोकस कर दिया गया है।

पिछले दिनों जब प्राधिकरण के द्वारा निर्मित किए गए चार फ्लाईओवर ब्रिज का लोकार्पण किया गया था तो उसके तत्काल बाद में प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राम प्रकाश अहिरवार के द्वारा यह तय किया गया था कि अब हमें अपनी पूरी ताकत आईएसबीटी का काम पूरा करने में लगाना है। उस समय तक आईएसबीटी का काम 90% हो चुका था। बचे हुए 10% के काम को करने के लिए प्राधिकरण सक्रिय हो गया। अभी इस बचे हुए 10% में से 5% काम को करवा लिया गया है।

- Advertisement -

अहिरवार के द्वारा प्राधिकरण के इंजीनियर दिनेश गोयल को आईएसबीटी के काम को पूरी ताकत के साथ करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके परिणाम स्वरुप गोयल के द्वारा हर दिन आईएसबीटी पर ही डेरा डालकर काम करवाया जा रहा है। दीपावली के समय पर मजदूरों के अपने गांव चले जाने से शहर में सभी विभागों के निर्माण और विकास कार्य की साइड बंद हो गई थी लेकिन प्राधिकरण की आईएसबीटी की साइट बंद नहीं हुई। प्राधिकरण के द्वारा ठेकेदार एजेंसी के साथ बात कर ऐसी व्यवस्था कर ली गई जिसके चलते हुए अवकाश के इन दिनों में भी इस साइट पर तेज गति के साथ काम चलता रहा।

Exit mobile version