इंदौर में मां की तबीयत खराब होने के कहकर डॉक्टर को घर बुलाया और रास्ते में ही रोककर लूट लिया। तीन बदमाशों ने डॉक्टर का पर्स, उसमें रखे रुपए और अन्य सामान लूट लिया। बदमाश डॉक्टर से ऑनलाइन पैसा भी ट्रांसफर करवा रहे थे। तभी वहां से कुछ लोग जाते दिखे तो डॉक्टर ने मदद मांगी। लोगों को पास आते देख बदमाश अपनी बाइक वहीं छोड़कर भाग खड़े हुए।
घटना द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में सोमवार को हुई। पुलिस ने डॉ. अली असगर नईम निवासी खातीवाला टैंक की शिकायत पर तीन बदमाशों पर लूट का केस दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक अली असगर ने पुलिस को बताया कि वह चंदन नगर इलाके में क्लीनिक चलाते हैं।
शाम को बाइक से अपने घर जा रहे थे। तब दस्तूर गार्डन के यहां उनकी बहन का कॉल आया। वह मोबाइल पर बात कर रहे थे। तब एक युवक उनके पास आकर रुका और कहा कि मेरी मां की तबीयत खराब है, आप घर चलकर उन्हें देख लीजिए।
डॉक्टर उसके साथ गोंदवले धाम तक पहुंचे। यहां सुनसान इलाका देखकर डॉ. नईम ने आगे जाने से इनकार कर दिया। तभी वहां दो बदमाश पहुचे। तीनों ने डॉक्टर को पहले पीटा फिर जेब से पर्स निकाल लिया। उसमें रखे पांच हजार और एटीएम कार्ड निकालकर पर्स फेंक दिया। इस बीच एक बदमाश ने मोबाइल भी निकाल लिया।
वह ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाने लगा। तभी वहां कुछ लोगों को आते देख डॉ. नईम ने मदद मांगी। लोगों केा पास आते देख बदमाश अपनी बाइक वहीं छोड़कर भाग गए।
सीसीटीवी में दिखा बाइक सवार
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक डॉक्टर को दस्तूर गार्डन के यहां से साथ ले जाना वाला बाइक सवार सीसीटीवी कैमरो में कैद हुआ है। इस मामले में द्वारकापुरी पुलिस ने देर रात केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं।
