- सातवीं कक्षा में पढ़ता था बच्चा, हादसे के समय मां बाजार और पिता नौकरी पर गए थे।
इंदौर। सदर बाजार थाना क्षेत्र में खेलते-खेलते 12 साल के बच्चे की गर्दन गमछे में फंस गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वह घर में अपने छोटे भाई के साथ खेल रहा था। पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे की है। शास्त्री कालोनी में रहने वाला इमरान पुत्र मुस्तफा (12) स्कूल से लौटा और कुछ देर बाद अपने भाई के साथ घर की चौखट पर गमछा बांधकर झूलने लगा। इसी दौरान गमछे में उसकी गर्दन फंस गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय उसकी मां बाजार तथा पिता सराफा गए हुए थे।
सातवीं कक्षा का छात्र था
इसके बाद भाई ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और वह उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। बता दें कि इमरान सातवीं का छात्र था। उसके पिता सराफा में ज्वेलरी की दुकान पर काम करते हैं। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
