बाइक फिर भी नहीं मिली, आशंका- चोर ने किसी परिवार को बेच दी
बाइक चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। बाइक चुराने के बाद भी बदमाश ने न तो गाड़ी छिपाई और न उसकी नंबर प्लेट बदली। बदमाश बाइक को ऐसे ही चलाता रहा। 7 दिन बाद वह बिना हेलमेट के पल्हर नगर चौराहे से निकला तो बिना हेलमेट के उस बाइक का चालान बन गया। चालान बाइक के असल मालिक तक पहुंच गया। मालिक ने पुलिस को सूचना दी। कई कैमरे खंगाले, लेकिन चोर का पता नहीं चल पाया। मामला मल्हारगंज इलाके का है। पुलिस के अनुसार लोकेश परछय्या निवासी माली मोहल्ला, लाबरिया भेरू ने चोरी की िरपोर्ट दर्ज करवाई थी। लोकेश ने बताया वह अनंत चतुर्दशी को झांकी देखने अपनी बाइक एमपी 09 व्हीएक्स 2735 से गया था। एमजी रोड स्थित यस बैंक के पास बाइक खड़ी की थी। जब लौटा तो पाया कि मेरी बाइक चोरी हो चुकी है।
फुटेज जुटाए फिर थाने पहुंचा
लोकेश ने बताया कि वे अपने स्तर पर खोजबीन करने लगे। फिर 30 सितंबर को उन्हें एक चालान आया। उसे देख लोकेश चौंक गए। चालान उनकी बाइक का था जो पल्हर नगर चौराहे पर बना था। लोकेश ने चालान में लगे फोटो को देख अपनी बाइक पहचानी। बाइक कोई युवक चला रहा था और पीछे महिला बैठी थी।
लोकेश ने आगे के कुछ फुटेज जुटाए फिर थाने पर सूचना दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने भी कैमरे खंगाले। आखिर में पुलिस ने बताया कि चोरी की बाइक पल्हर नगर में पांच में से किसी एक गली से निकली है। इसके बाद वह मच्छी बाजार तक गया, लेकिन वहां से आगे फुटेज नहीं मिल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह बताना मुश्किल है कि चलाने वाला ही बाइक चोर होगा।
