खंडवा रोड पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार व उसकी 16 वर्षीय बेटी गिर गए। नाबालिग पर ट्रक का पहिया चढ़ गया, उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद लोगों ने ट्रक को रोक लिया। तेजाजी नगर टीआई देवेंद्र मरकाम के अनुसार हादसा खंडवा रोड स्थित चमेली देवी कॉलेज के सामने सोमवार सुबह 10 बजे हुआ है। इसमें कनक (16) पिता रघुराज सिंह गौड़ निवासी घाटा खेड़ी तहसील पंधाना, खंडवा की मौत हो गई। रिश्तेदार कृष्णपाल सिंह तोमर ने बताया कि कनक इंदौर बायपास स्थित प्रज्ञा स्कूल में 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। वह होस्टल में रहती थी। छुट्टियों में गांव गई थी। उसके पिता उसे स्कूल छोड़ने के लिए सोमवार को घर से निकले थे। तभी रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
