- पुलिस बुलाई तो तीन बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज भी मिल गए। टीआइ केपी यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर आए और देर रात एफआइआर लिखी।
- पुलिस ने पीड़ित से कहा कि किसी को घटना की जानकारी मत देना।
- तीन बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज भी मिल गए।
- एफआइआर में चोरी (मश्रुका) गए माल का जिक्र नहीं किया।
इंदौर । कुछ दिन पहले ही शहर में हुई डकैती के बाद पुलिस ने शहर की सुरक्षा के तमाम दावे किए थे, लेकिन हकीकत यह है कि अपराधी बेखौफ हैं। अपराध रोकने में नाकाम पुलिस अब घटनाओं को दबाने में लगी है। कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित एवर साइन कालोनी (अग्रवाल नगर) स्थित विनायक एन्क्लेव में नकाबपोश बदमाशों ने रेत कारोबारी राज चौहान के घर का दरवाजा तोड़ा और करीब आधा किलो सोना, मूर्तियां और लाखों रुपये चुरा लिए।
देर रात एफआइआर लिखी
राज ने सोमवार दोपहर पुलिस बुलाई तो तीन बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज भी मिल गए। टीआइ केपी यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर आए और देर रात एफआइआर लिखी। राज से कहा कि मामला गंभीर है। क्षेत्र में घटनाएं (लूट-डकैती) बढ़ रही हैं। आप अभी किसी से जिक्र मत करना। पुलिस की बदनामी हो जाएगी। एफआइआर में चोरी (मश्रुका) गए माल का जिक्र नहीं किया। फारेंसिक अफसरों ने कहा-चोरों ने हल्के हाथ से काम किया है। दीवार और दराजों पर निशान नहीं छोड़े। पुलिस अब सड़क किनारे रहने और डेरे वालों से पूछताछ कर रही है।
बायपास से दीवार कूदकर घुसे बदमाश
मंगलवार को पुलिस ने इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज निकाले तो तीन बदमाश आरव अपार्टमेंट की दीवार से कूदते नजर आए। आरोपितों ने टामी से दरवाजा तोड़ा और बेडरूम में बनी अलमारी के दराज से पूरी ज्वैलरी निकाल ली। खाली बाक्स बेड पर छोड़े और ज्वैलरी बैग में भर ली। आरोपितों ने मूर्तियां भी चुराई हैं। किचन में रखे बिस्किट खाए, कोल्ड ड्रिंक भी पी और साथ ले गए। पोर्च में खड़े स्कूटर, बाइक और दो लक्जरी कारों की चाबियां भी ले गए।
डीसीपी बोले-किसी से जिक्र न हो
राज का रेत का कारोबार है। वे छोटा उदयपुर (गुजरात) गए थे। पत्नी एकता का रिंग रोड पर सैलून है। 25 फरवरी को वह स्टार चौराहा पर रहने वाली छोटी बहन के घर रुक गई थी। बदमाशों ने सूना घर देखा और सेंध लगा दी। 25 फरवरी को पुलिस आयुक्त राकेश गुप्ता खुद रात में पुलिसवालों की मुस्तैदी जांच रहे थे। डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और एसीपी भी थाना प्रभारियों के साथ अपने-अपने इलाकों में चैकिंग कर रहे थे। उसी रात चोर दो इमारतों में घुसे और वारदात कर निकल भी गए। जोन-2 के डीसीपी अभिषेक आनंद को खबर मिली तो सबसे पहले ये निर्देश दिए घटना लीक नहीं होना चाहिए। इस घटना की पुलिस कंट्रोल रूम पर दी जाने वाली सूचना (डीएसआर) में भी जिक्र नहीं किया।
एक और चोरी, लेकिन एफआइआर में सामान के मूल्य का उल्लेख नहीं
लसुड़िया थाना क्षेत्र में भी बैंक अफसर पारस जैन के घर में चोरी की वारदात हुई है। पुलिस ने एफआइआर में चोरी गए सामान के मूल्य का उल्लेख नहीं किया है। घटना सैटेलाइट जंक्शन की है। सुभि जैन ने चोरी की रिपोर्ट लिखवाई है। सुभि के भाई बैंक मैनेजर हैं। वे मुंबई गए थे। सुभि भी गांव चली गई है। चोर घर का ताला तोड़कर सोने के आभूषण, बिस्किट और करीब चार लाख रुपये चुरा कर ले गए। जैन के मुताबिक आभूषणों की कीमत करीब चार लाख रुपये है। आरोपित घर में खड़ी बाइक भी ले गए। चोरों ने कालोनी में एक अन्य सूने घर में भी ताला तोड़ा है। परिवार वाले बाहर गए हुए हैं।
होली तक चोरों का सीजन
(एडिशनल पुलिस कमिश्नर मनोज श्रीवास्तव से बात)
सवाल : शहर में चोरी-लूट की घटनाएं रुक नहीं रही हैं?
जवाब: गश्त बढ़ा दी है। काम्बिंग भी करवा रहे हैं। इन दिनों घटनाएं बढ़ती हैं। होली के आसपास धार-झाबुआ जिले के युवाओं के पास कोई काम नहीं होता है। कालोनियों में काम करने वाले मजदूर रिश्तेदारों के यहां आकर रुकते हैं और वारदात कर निकल जाते हैं।
सवाल : पुलिस व्यवस्थित गश्त क्यों नहीं कर रही?
जवाब: बल की कमी है। एक-एक सिपाही के पास 20-20 कालोनियों की जिम्मेदारी रहती है।
सवाल : सीसीटीवी फुटेज मिलने पर भी आरोपित नहीं मिलते?
जवाब: लोगों को जिम्मेदार होना पड़ेगा। सीसीटीवी कैमरे तो लगा रखे हैं लेकिन बाहर की तरफ नहीं लगाते। सड़क से फुटेज न मिलने से पुलिस को दिक्कत आती है।
- पुलिस की पकड़ से दूर गुनाहगार
- 10 फरवरी को कनाड़िया थाना थाना के सामने बैंड संचालक वकील दांगी के घर में डकैती हुई। पुलिस इस मामलें में खाली हाथ है।
- लसूडिया थाना क्षेत्र के महालक्ष्मीनगर में डा. पूजा गुप्ता और शामिला से बदमाशों ने चेन लूटी। पुलिस आरोपितों को नहीं पकड़ पाई है।
- लंदन विलाज में इंडियन आइल कार्पोरेशन के मैनेजर पुष्पेंद्र सिंह के घर हुई डकैती में अब तक आरोपित नहीं पकड़े गए।
- महालक्ष्मीनगर में ठेकेदार विनोदसिंह की लक्जरी कार चुराने वाले आरोपित अभी तक फरार हैं।
