सिरपुर तालाब किनारे अतिक्रमण और कब्जे हटाने की कार्रवाई के बाद दूसरे दिन प्रशासन की टीम बिलावली तालाब क्षेत्र के आसपास पहुंची। खंडवा रोड पर बिलावली तालाब के कैचमेंट एरिया से लगी सरकारी जमीन पर कब्जा कर बने मकान और गोदामों को जिला प्रशासन और निगम की टीम ने हटाने की कार्रवाई शुरू की। यहां कब्जाधारी इसे पहले खुद की जमीन बता रहा था, लेकिन रिकॉर्ड में सच्चाई सामने आ गई। हालांकि टीम ने जब देखा कि फार्म हाउस और 2 कमरों के नाम पर अंदर माल गोदाम ही बना रखा था। आसपास की दीवारें तोड़ने के बाद प्रशासन ने 24 घंटे का समय दिया, ताकि मालिक सामान हटा सके।
एसडीएम घनश्याम धनगर के साथ टीम सुबह सोनू छाबड़ा नामक व्यक्ति के यहां पहुंची। यहां 7 से 8 हजार वर्गफीट पर निर्माण था। ग्राउंड फ्लोर के अलावा ऊपर एक-दो कमरे बने हुए थे। जब शटर को टीम ने तोड़ा तो अंदर सामान ही सामान देख टीम भी दंग रह गई। आसपास की दीवारें तोड़ी तो पता चला कि 20 ट्रक से ज्यादा सामान है।
3 साल पहले मंदिर की जमीन से कॉलोनी का निर्माण हटाया था
एसडीएम ने बताया कि बिलावली तालाब के पास बड़े पैमाने पर कब्जे हो गए थे। 3 साल पहले प्रशासन ने सरकारी मंदिर की जमीन पर कट रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की थी। तब कुछ लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई थी। बीते सालों में यहां फिर से तालाब के कैचमेंट एरिया से लगी सरकारी जमीन पर कब्जा कर मकान और गोदाम बना लिए थे।
प्रशासन को शिकायत मिलने के बाद जांच की गई। मामला सही पाए जाने पर तहसीलदार ने प्रकरण बनाकर रिमूवल कार्रवाई का आदेश दिया।
और इधर, पार्किंग की जगह बनी दुकानें तोड़ी
निगम से पास नक्शों में पार्किंग की जगह दुकानें बनाने वालों पर कार्रवाई जारी है। गुरुवार को निगम और प्रशासन की टीम ने श्रीनगर और मेनन कॉलोनी में यह कार्रवाई की। जोन 10 में आने वाली इन बिल्डिंगों से अस्थायी निर्माण और अतिक्रमण भी हटवाया गया।
बीओ विनोद मिश्रा ने बताया कि टीम ने जोन 10 में स्थित श्रीनगर और मेनन कॉलोनी के पार्किंग क्षेत्रों में अनधिकृत निर्माण कार्यों को हटाने की कार्रवाई की। कलेक्टर और निगमायुक्त ने यह निर्देश दिए हैं कि पार्किंग क्षेत्र में अनधिकृत निर्माणों को तत्काल हटाया जाए। निगम की टीम ने दुकानदारों और निर्माणकर्ताओं को बेसमेंट में पार्किंग के स्थान पर किए गए अवैध निर्माण हटवाकर पार्किंग खाली करवाई।
