संचार नगर होते हुए ड्यूटी से लौट रहे एक आईटी इंजीनियर और उसके दोस्त को शुक्रवार सुबह 6.40 बजे तेज रफ्तार कार ने कट मार दिया। इससे उनका संतुलन बिगड़ा और उनकी बाइक डिवाइडर में घुस गई। हादसे में आईटी इंजीनियर की मौत हो गई, दोस्त घायल हुआ है। कनाड़िया पुलिस के अनुसार मृतक का नाम आयुष (26) पिता विभोर शर्मा निवासी खजराना मंदिर के पास है। घायल दोस्त अंकित ने उसे एमवायएच पहुंचाया, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोपहर में उसका पीएम करवाया गया है। आयुष और अंकित एक ही बाइक पर सवार थे। बाइक आयुष चला रहा था।
भोपाल का रहने वाला था आयुष
मामा कुलदीप शर्मा ने बताया कि घटना संचार नगर मंदिर के सामने की है। आयुष भोपाल का रहने वाला था और यहां एक कंपनी में आईटी इंजीनियर था। वह दोस्त के साथ ड्यूटी से लौट रहा था। हादसे में आयुष को गंभीर चोट आई, जबकि अंकित जख्मी हुआ है।
अंकित ने लोगों की मदद से आयुष को अस्पताल पहुंचाया था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजन इंदौर पहुंचे। उधर, जांचकर्ता एसआई एमएस दंडोतिया का कहना है कि हम घटनास्थल पर लगे कैमरों के फुटेज खंगाल रहे हैं। जल्द ही आरोपी वाहन का पता लगा लिया जाएगा।
