इंदौर में 14वीं मंजिल से कूदकर जान देने वाली छात्रा के पिता को घटना पर शक, बोले- इसकी जांच होना चाहिए

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर की अपोलो डीबी सिटी में सातवीं की छात्रा अंजलि यामयार द्वारा 14वीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी करने के मामले में पिता अमोल जांच की मांग कर रहे हैं। मां अपनी बेटी को बार-बार याद कर रही है, बुधवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इधर, पुलिस ने अंजिल के बैग में मिली कॉपी-किताबों का एक-एक पन्ना पलटकर जांच की, लेकिन कुछ नहीं मिला।
इंदौर की अपोलो डीबी सिटी में 18 जून को छात्रा अंजलि ने की थी खुदकुशी।
पिता अमोल ने बिल्डिंग में वो स्थान देखा, जहां से अंजलि छलांग लगाई।
अमोल ने इतनी ऊंचाई से बेटी के कूदने के मामले में आशंका जताई है।

इंदौर। अपोलो डीबी सिटी की 14वीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी करने वाली अंजलि (अंजू) की मां अर्चना की बुधवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। वह बार-बार अंजलि को याद कर बेहोश हो रही थी। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अंजलि के पिता अमोल यामयार को घटना पर शक है। उनका मानना है कि बेटी आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती है, मामले की जांच होना चाहिए। सातवीं कक्षा की छात्रा 13 वर्षीय अंजलि ने निपानिया स्थित अपोलो डीबी सिटी के ओफिरा-1 ब्लाक की 14वीं मंजिल से कूदकर मंगलवार को खुदकुशी कर ली थी। लसूड़िया पुलिस ने टाउनशिप के सीसीटीवी फुटेज जुटाए लेकिन अमोल को घटना पर शक है। वह कतई मानने को तैयार नहीं है। अंजलि घर में सबसे छोटी थी। परिवार के सभी सदस्य उससे प्यार करते थे। विशाखापट्टनम से आने जैसी छोटी-सी बात पर खुदकुशी नहीं कर सकती। स्वजन ने उस स्थान को देखा, जहां से अंजलि ने छलांग लगाई थी। पिता ने घटनास्थल को देखकर सवाल उठाया कि वह इतनी ऊंचाई से नहीं कूद सकती है। उन्होंने अफसरों से मिलकर सभी बिंदुओं पर जांच करने की मांग की है।

उधर बुधवार को पुलिस स्वजन के कथन नहीं ले पाई है। पुलिस अपोलो डीबी सिटी पहुंची लेकिन स्वजन की मनोस्थिति देखकर लौट आई। पुलिस कड़ियां जोड़ने के लिए पुराने सीसीटीवी फुटेज निकालेगी। अंजलि का बैग थाने में जब्त है। पुलिस कर्मियों ने एक-एक कॉपी, पुस्तकों के पन्ने पलटे लेकिन कुछ नहीं मिला। मामले में अंजलि के टैबलेट की जांच भी जल्द हो सकती है।

पिता और भाई के बयान अलग-अलग
पुलिस ने मंगलवार को अंजलि के भाई आदित्य (11वीं के छात्र) से बात की तो कहा कि वह अंतरमुखी थी। काफी कम बात करती थी। उसे कई बार समझाया भी था। सोमवार को माल घूमने गए लेकिन उसने कुछ नहीं खरीदा। विशाखापट्टनम से आने पर खुश नहीं थी। जबकि पिता अमोल ने कहा कि वह खुश थी। घुल मिलकर रहती थी। पुलिस गुरुवार को स्वजन से अलग कथन लेगी। अंजलि की पीएम रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है।

- Advertisement -
Exit mobile version