- इंदौर में आरआरकैट के पास हैंड ग्रेनेड मिलने से सकते में हैं जांच एजेंसियां।
इंदौर। राजा रामन्ना प्रौद्योगिकी केंद्र (आरआर कैट) के पास मिले हैंड ग्रेनेड से जांच एजेंसियां सकते में हैं। पुलिस के साथ आतंक विरोधी दस्ता (एटीएस), इंटेलिजेंस भी जांच में जुट गए हैं। रविवार को टीम मौके पर पहुंची और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) से जानकारी ली।
द्वारकापुरी थाना क्षेत्र स्थित चित्रकूट नगर में शनिवार रात हैंड ग्रेनेड (बम) मिला था। बम आरआर कैट रोड से सिर्फ 300 मीटर की दूरी पर था। देर रात बीडीएस ने बम को निष्क्रिय कर दिया, लेकिन एजेसियों ने जांच शुरू कर दीं। एसीपी (अन्नपूर्णा) नंदनी शर्मा के मुताबिक, रविवार को एटीएस अफसर थाने पहुंचे और ग्रेनेड की जानकारी ली। अफसरों ने घटना स्थल का दौरा किया और उस व्यक्ति से भी बात की, जिसने सबसे पहले पुलिस को सूचना दी थी।
बीडीएस से मांगी जानकारी
उधर, इंटेलिजेंस ने भी जानकारी एकत्र करनी शुरू कर दी है। एसीपी के मुताबिक, हमने बीडीएस से रिपोर्ट मांगी है। बम की मारक क्षमता और उसके उपयोग के बारे में पूछा है। बीडीएस प्रभारी खालिद अहमद के मुताबिक, इस तरह के बम सेना और पुलिस के ट्रेनिंग केंद्र पर उपयोग में लाए जाते हैं।
