इंदौर में सरकारी अमले पर पथराव, चक्काजाम:बस्ती हटाने पर सड़क पर लेटी महिलाएं-बच्चे, पुलिस ने खदेड़ दिया

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

भंवरकुआ इलाके में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम और पुलिस टीम पर भीड़ ने बुधवार सुबह हमला कर दिया। मामला प्रोफेसर कॉलोनी में बनी अवैध बस्ती का है। इससे गुस्साए लोगों ने चक्काजाम कर दिया। महिलाएं और बच्चे सड़क पर ही लेट गए। पथराव के बाद पुलिस ने डंडे घुमाकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा।

इंदौर नगर निगम अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बस्ती पहुंची थी। चेतावनी के बाद बड़ी तादाद में लोग इकट्‌ठा हो गए और सड़क पर जाम लगा दिया। जब प्रशासन नहीं माना तो लोगों ने पत्थर मारना शुरू कर दिए। इस पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर कर भारी बल तैनात कर दिया है।

ध्यान रहे कि निगम इससे पहले खजराना इलाके में भी बड़ी कार्रवाई कर चुका है। साथ ही व्यस्ततम बंबई बाजार में अतिक्रमण हटाया था।

कार्रवाई का किया विरोध, बहस भी हुई
जब निगम की टीम मौके पर पहुंची तो रिमूवल अमले के साथ पुलिस भी थी। टीम ने जैसे धावा बोलने का प्रयास किया वैसे ही मौजूद लोग कार्रवाई का विरोध करने लगे। टीम के साथ जमकर बहस हुई, लेकिन किसी की एक न चली।

- Advertisement -

लंबे समय से है अतिक्रमण
प्रोफेसर कॉलोनी के पास लंबे समय से अतिक्रमण है। इससे ट्रैफिक बाधित होता है। निगम कई अलग-अलग क्षेत्रों में भी कार्रवाई की तैयारी में है। यह अभियान शहर का ट्रैफिक सुगम बनाने के लिए चलाया जा रहा है। इसके लिए पिछले हफ्ते मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने राजवाड़ा और आसपास के बाजारों में घूमकर स्थिति का जायजा लिया था। फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले और स्थायी दुकानदारों को समझाइश दी थी कि वे दुकान के बाहर अतिक्रमण न करें।

Exit mobile version